Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखंड में बारिश का कहर, चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित

चारधाम यात्रा मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण अवरुद्ध
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। राजधानी देहरादून में पिछले 24 घंटे के दौरान मालदेवता में सबसे अधिक 233 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा देहरादून, मसूरी, जौलीग्रांट और उखीमठ सहित कई क्षेत्रों में भी भारी बारिश हुई।लगातार बारिश और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा को एहतियातन दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हैं और भारी बारिश का अलर्ट जारी होने के चलते यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आज और कल यात्रा पर रोक लगाई गई है। मौसम में सुधार होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। भारी बारिश के कारण केदारनाथ, बदरीनाथ और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन से बंद हो गए हैं। नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में मलबा तथा बोल्डर सड़क पर आने से यातायात बाधित हो गया है। कई स्थानों पर लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू भी किया गया।स्थिति को देखते हुए चार जिलों में एहतियात के तौर पर आज स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारों का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *