August 18, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

युवती से गैंगरेप के आरोपियों पर फूट पड़ा लोगों का गुस्सा, फांसी की मांग

रुद्रपुर पुलिस का वाहन खराब : तीनों आरोपियों ने किया पुलिस अभिरक्षा से निकलकर भागने का प्रयास
रुद्रपुर। सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को मंगलवार को गदरपुर रोड स्थित सरदारनगर के पास घटनास्थल का मौका-मुआयना कराने के बाद पुलिस वापस रुद्रपुर कोतवाली लेकर आ रही थी। इसी दौरान काशीपुर बायपास रोड स्थित श्री गुरु नानक स्कूल के पास पुलिस का वाहन अचानक तकनीकी खराबी के कारण बीच सड़क पर बंद हो गया। वाहन रुकते ही चालक उसे ठीक करने के लिए नीचे उतरा। इसी मौके का फायदा उठाकर तीनों आरोपियों ने पुलिस अभिरक्षा से निकलकर भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें दौड़कर पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने तीनों आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही लोगों को पता चला कि भागने की कोशिश करने वाले युवक हाल ही में सिडकुल कर्मी युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी हैं, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस और लोगों ने उनका पीछा कर कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया और जूते-चप्पलों, थप्पड़ों व घूंसों से उनकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में विभिन्न संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने और फांसी की मांग की। मौके पर मौजूद लोगों में घटना को लेकर जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को भीड़ से बचाने का प्रयास किया, लेकिन लोग शांत होने को तैयार नहीं थे। जिसके हाथ जो लगा, उसने आरोपियों पर हमला करने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद किसी तरह तीनों आरोपियों को भीड़ के कब्जे से छुड़ाया। इस दौरान काशीपुर बायपास रोड पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर तीनों आरोपियों को दोबारा अपनी अभिरक्षा में लिया और आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच वापस कोतवाली ले जाया गया। मौके पर रुद्रपुर कोतवाल प्रकाश सिंह, एसएसआई खुशवंत सिंह, नवनियुक्त थाना प्रभारी पंकज कुमार, बाजार पुलिस चौकी प्रभारी प्रदीप कोहली सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि पुलिस ने बिगवाड़ा रोड से सिडकुल कर्मी युवती के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इससे पहले गिरफ्तारी के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लगी थी, जबकि उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया था। मंगलवार को पुलिस जांच की कार्रवाई के तहत तीनों आरोपियों को घटनास्थल का मौका-मुआयना कराने के बाद वापस रुद्रपुर ला रही थी, तभी यह घटनाक्रम सामने आया।

भीड़ के बीच संयम और साहस से डटी रही पुलिस
रुद्रपुर। गैंगरेप के आरोपियों के भागने के प्रयास के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने बेहद संयम और साहस का परिचय दिया। पुलिस वाहन खराब होने के बाद जैसे ही तीनों आरोपी भागने लगे और आक्रोशित भीड़ ने उन्हें घेर लिया, हालात कुछ देर के लिए बेकाबू हो गए। भीड़ का गुस्सा इतना अधिक था कि पुलिसकर्मियों के लिए आरोपियों को सुरक्षित निकालना बड़ी चुनौती बन गया। इसके बावजूद रुद्रपुर कोतवाल प्रकाश दानू, एसएसआई खुशवंत सिंह, नवनियुक्त दिनेशपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार, बाजार पुलिस चौकी प्रभारी प्रदीप कोहली ने पूरी सूझबूझ और धैर्य के साथ स्थिति को संभाला। पुलिस टीम ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए तीनों आरोपियों को सुरक्षित अपनी अभिरक्षा में लिया और उन्हें रुद्रपुर कोतवाली तक पहुंचाने में सफलता हासिल की। उल्लेखनीय है कि सामूहिक दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले के तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम के लगातार प्रयासों का परिणाम रही। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और लगातार की गई घेराबंदी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। इसके बाद मौके का मुआयना कराने से लेकर भीड़ के बीच आरोपियों को सुरक्षित निकालने तक पुलिस टीम ने पूरी जिम्मेदारी का परिचय दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *