November 4, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अमेरिका में मध्यावधि चुनाव : ट्रंप का दावा- मैं चुनाव लड़ता तो बड़े अंतर से जीतती रिपब्लिकन पार्टी, अब बनूंगा राजनीतिक पंडित

वॉशिंगटन:अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) के चुनावी रुझानों में डेमोक्रेटिक पार्टी बढ़त बनाए हुए है। डेमोक्रेट्स 197 सीटों पर आगे हैं, जबकि रिपब्लिकन पार्टी 114 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। अब तक डेमोक्रेट्स ने 18 सीटों पर जीत दर्ज की है, जिनमें रिपब्लिकन उम्मीदवारों से छीनी गई सीटें भी शामिल हैं। इन रुझानों के बीच प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट्स की स्थिति मजबूत होती दिखाई दे रही है। यदि पार्टी बहुमत हासिल करती है तो उसे संसदीय समितियों का नियंत्रण मिल सकता है। इससे ट्रंप प्रशासन के फैसलों की जांच और सरकारी अधिकारियों से जवाब-तलब करने की उसकी शक्ति बढ़ जाएगी।

अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के नतीजों के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दावा किया कि अगर वह खुद चुनाव में उम्मीदवार होते तो उनकी रिपब्लिकन पार्टी बड़े अंतर से जीत हासिल करती। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट साझा कर कहा कि वह चुनाव में उम्मीदवार नहीं थे, लेकिन अगर मैदान में होते तो नतीजे पार्टी के पक्ष में कहीं बेहतर होते।

बोले- अब राजनीतिक विश्लेषक बनूंगा

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मैं एक राजनीतिक विश्लेषक बनने जा रहा हूं। अच्छे और बुरे, दोनों पहलुओं से उन कारणों पर चर्चा करूंगा, जिनकी वजह से उम्मीदवार जीते या हारे।”इसके अलावा उन्होंने एक अन्य पोस्ट में ‘VETO’ लिखा हुआ लाल रंग का कैप भी साझा किया। इस पोस्ट को भी चुनावी नतीजों के बीच उनकी प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है।

चुनावी नतीजे स्वीकार करने को तैयार ट्रंप

ट्रंप ने मंगलवार रात द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कहा कि वह मध्यावधि चुनाव के नतीजों को स्वीकार करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं के साथ मिलकर काम करेगी और दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी।

क्या है अमेरिका का मिडटर्म चुनाव?

अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के दो साल बाद मध्यावधि चुनाव यानी मिडटर्म इलेक्शन होते हैं। इसमें प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों और सीनेट की करीब एक तिहाई सीटों पर मतदान होता है। इन चुनावों से तय होता है कि अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में किस पार्टी का बहुमत रहेगा।अगर डेमोक्रेटिक पार्टी प्रतिनिधि सभा में बहुमत हासिल करती है तो उसे संसदीय समितियों का नियंत्रण मिल सकता है। इसके जरिए विपक्षी सांसद राष्ट्रपति ट्रंप के प्रशासन के फैसलों की जांच कर सकते हैं।समितियां सरकारी अधिकारियों को पूछताछ के लिए बुलाने, दस्तावेज मांगने और जरूरत पड़ने पर समन जारी करने का अधिकार भी रखती हैं। ऐसे में मिडटर्म चुनाव के नतीजे ट्रंप प्रशासन के आगामी राजनीतिक एजेंडे और कामकाज पर महत्वपूर्ण असर डाल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *