September 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

डंपर खाई में गिरने से चालक की मौत

रामनगर (उद संवाददाता)। रामनगर रानीखेत मार्ग पर रविवार सुबह कुमेरिया और सौराल के बीच एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पहाड़ी की ओर जा गिरा। हादसे में डंपर चालक वाहन और पेड़ के बीच बुरी तरह दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह रामनगर रानीखेत मार्ग पर कुमेरिया और सौराल के बीच डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। पहाड़ी से नीचे गिरने के बाद डंपर एक पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक वाहन और पेड़ के बीच बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। चालक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम द्वारा कटर मंगाया गया। वाहन को काटकर चालक के शव को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है। हादसे के बाद एक बार फिर रामनगर रानीखेत मार्ग की बदहाल स्थिति और चौड़ी करण का मुद्दा चर्चा में आ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार मार्ग के चौड़ीकरण और सुधारीकरण की मांग लंबे समय से उठाई जाती रही है। मार्ग के कई हिस्सों में सड़क संकरी होने के साथ ही जर्जर हालत में है। इसके चलते वाहन चालकों को कई स्थानों पर परेशानी का सामना करना पड़ता है और हादसों का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रामनगर रानीखेत मार्ग महत्वपूर्ण होने के बावजूद इसकी स्थिति में सुधार के लिए गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है। सड़क का चौड़ीकरण और सुधारीकरण होने से यातायात सुगम होने के साथ ही हादसों पर भी अंकुश लगाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम हादसे की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *