लॉरेंस के नाम पर जेल अधीक्षक को धमकी
फोन कॉल और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए जान से मारने की धमकी
हरिद्वार (उद संवाददाता)। जिला कारागार हरिद्वार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। धमकी फोन कॉल और व्हाट्सएप मैसेज के जरिए दी गई। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक की शिकायत पर सिडकुल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान जेल में निरुद्ध एक महिला बंदी के पति हिमांशु चîक्का के रूप में हुई है। आरोप है कि वह अपनी पत्नी को जेल के भीतर फोन कॉल समेत अन्य गैरकानूनी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जेल अधिकारियों पर दबाव बना रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर कथित तौर पर उसने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेते हुए वरिष्ठ जेल अधीक्षक को जान से मारने की धमकी दी। धमकी भरे फोन कॉल और व्हाट्सएप मैसेज मिलने के बाद जेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी। वरिष्ठ जेल अधीक्षक की शिकायत पर सिडकुल थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच के साथ ही धमकी के पीछे की वजह और आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर व अन्य माध्यमों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अब सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से धमकी देने वाले व्यक्ति की लोकेशन, मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि धमकी के लिए इस्तेमाल किए गए फोन और व्हाट्सएप नंबर का संचालन कहां से किया गया तथा मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। घटना के बाद जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। जेल प्रशासन की ओर से बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं और जेल के भीतर मोबाइल फोन समेत प्रतिबंधित गतिविधियों पर भी निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
