रुद्रप्रयाग बाईपास का सीएम धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण, जल्द आम जनता के लिए खुलेगा मार्ग
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रप्रयाग से भराड़ीसैंण (चमोली) जाते समय रुद्रप्रयाग बाईपास परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन नए पुल और सुरंग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रुद्रप्रयाग बाईपास के शुरू होने से श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही, रुद्रप्रयाग शहर में यातायात का दबाव कम होगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
आपदा और आपातकाल में भी होगी मददगार
रुद्रप्रयाग बाईपास धार्मिक यात्रा को सुगम बनाने के साथ-साथ आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होने से जरूरत के समय यातायात संचालन और आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
ट्रायल के आधार पर शुरू हुआ वाहनों का आवागमन
परियोजना के बाईपास मार्ग पर ट्रायल के आधार पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो चुकी है। जल्द ही इसे आम जनता के लिए खोलने की तैयारी है। मार्ग के पूरी तरह चालू होने से चारधाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग शहर में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क संपर्क को मजबूत बनाने, यात्रा को सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने और दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। रुद्रप्रयाग बाईपास परियोजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


