October 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र शुरू : सीढ़ियों पर बैठकर कांग्रेस विधायकों का प्रदर्शन,दिवालीखाल और जंगलचट्टी में वाटर कैनन का इस्तेमाल

विधानसभा घेराव को लेकर पुलिस अलर्ट

गैरसैंण (चमोली)। उत्तराखंड के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में मंगलवार से दो दिवसीय विधानसभा सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई। सत्र के पहले ही दिन प्रदेश की सियासत गरमा गई। विपक्ष ने सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने के लिए सदन से सड़क तक मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा की सीढ़ियों पर बैठकर प्रदर्शन किया, वहीं विधानसभा घेराव के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। सत्र शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस विधानमंडल दल के विधायकों ने प्रदेश से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार, महिला अपराध, महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और पलायन के मुद्दे उठाते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की। विपक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षित भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सदन से सड़क तक संघर्ष जारी रहेगा।

दिवंगत नेताओं को दी श्रद्धांजलि

विधानसभा सत्र में शामिल होने पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सदन की कार्यवाही शुरू हुई, जिसमें प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होनी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के सामने खड़े होकर खंडूड़ी जी को याद करना काफी मुश्किल है। एक बेटी के लिए पिता ही हीरो होते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से बातचीत के दौरान खंडूड़ी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का नाम अटल सड़क योजना रखने के सुझाव पर कहा था कि नाम नहीं, काम महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री बनने के बाद 2007 और 2011 में उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ काम किया और लोकायुक्त बनाने की पहल की। सीएम ने कहा कि खंडूड़ी के कार्यों में सेवा भावना और समर्पण झलकता था और जनता के बीच उनकी अलग पहचान थी। पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि देते हुए सीएम ने कहा कि वह जननेता थे और आम लोगों की परेशानियों को समझते थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन आम आदमी के लिए समर्पित किया। श्रमिकों के प्रति उनका विशेष लगाव था। राज्य आंदोलन से लेकर प्रदेश के विकास तक उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दिवालीखाल और जंगलचट्टी में प्रदर्शन, वाटर कैनन का इस्तेमाल

विधानसभा सत्र के बीच गैरसैंण से दिवालीखाल जाने वाले मार्ग पर भी विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। जंगलचट्टी में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) और कांग्रेस कार्यकर्ता बैरियर के पास जुटे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने बैरियर पर चढ़कर विरोध जताया और उसे तोड़ने का प्रयास किया।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने दूसरी बार वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। मौके पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद रहे। यूकेडी नेता आशीष नेगी भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। वहीं, दिवालीखाल में प्रदर्शन कर रहे प्रधान संघ के सदस्यों को पुलिस बस में बैठाकर ले गई। दुगथम्बा बैरियर पर पहुंचे यूकेडी के युवा कार्यकर्ताओं ने ‘जय पहाड़, जय पहाड़ी’ और राजधानी गैरसैंण के समर्थन में नारे लगाए।

विधानसभा घेराव को लेकर सुरक्षा सख्त

विधानसभा सत्र के मद्देनजर भराड़ीसैंण और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस अलर्ट पर है। संवेदनशील मार्गों और बैरियरों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है, ताकि प्रदर्शनकारियों को विधानसभा परिसर तक पहुंचने से रोका जा सके और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

सरकार और विपक्ष के बीच सियासी मुकाबला

चमोली जिले के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण में ठंडी हवाओं के बीच मंगलवार से सियासी तापमान बढ़ गया है। विपक्ष ने भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, महंगाई और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के सामने अपने कार्यकाल के अंतिम दौर में विपक्ष के सवालों का जवाब देने और अपनी उपलब्धियां सामने रखने की चुनौती है।दो दिवसीय सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही के साथ-साथ विधानसभा परिसर के बाहर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज रहने के आसार हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि सरकार विपक्ष के सवालों का किस तरह जवाब देती है और प्रदेश से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर सदन में क्या चर्चा होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *