अमृतपुर बायपास निर्माण को सर्वाेच्च प्राथमिकता,जाम से मिलेगी राहत: धामी
हल्द्वानी । पर्यटन सीजन और सप्ताहांत पर लगने वाले जाम से आमजन तथा पर्यटकों को राहत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्माणाधीन काठगोदाम अमृतपुर बायपास के निर्माण कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। रविवार को बायपास निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बायपास निर्माण के लिए धनराशि की कमी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए और इसे निर्धारित समयावधि में पूरा किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन सीजन और सप्ताहांत के दौरान वाहनों की संख्या बढ़ने से हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ जाता है। इसका असर स्थानीय नागरिकों के साथ ही प्रदेश में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं पर भी पड़ता है। काठगोदाम अमृतपुर बायपास का निर्माण पूरा होने से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और जाम की समस्या से राहत दिलाने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण से संबंधित सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि काम निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए। निर्माण के दौरान सड़क की कटाई से संबंधित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वाेपरि है और निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ गुणवत्ता और सुरक्षा के सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बाबा नीम करौली धाम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। इसके साथ ही नैनीताल, रानीखेत, कौसानी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और बागेश्वर जाने वाले पर्यटकों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि राज्य के लिए उत्साहजनक है, लेकिन बढ़ते यातायात दबाव के कारण सड़कों पर जाम की स्थिति भी चुनौती बन रही है।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बड़ी संख्या में पर्यटकों का आना प्रदेश की पर्यटन क्षमता और प्राकृतिक सुंदरता के प्रति लोगों के आकर्षण को दर्शाता है। सरकार का प्रयास है कि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय नागरिकों को भी सुगम आवागमन की सुविधा मिले। इसी उद्देश्य से सड़क संपर्क को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि काठगोदाम अमृतपुर बायपास का निर्माण पूरा होने के बाद पर्यटन सीजन और सप्ताहांत के दौरान वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने में सहायता मिलेगी। इससे बाबा नीम करौली धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ कुमाऊं के प्रमुख पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले यात्रियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, बेहतर यातायात प्रबंधन और स्थानीय लोगों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त दीपक रावत ने मुख्यमंत्री को बायपास निर्माण कार्य की प्रगति से अवगत कराया। लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने जानकारी दी कि परियोजना के प्रथम चरण के लिए 175.40 लाख रुपये और द्वितीय चरण के लिए 469.59 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। अधिकारियों के अनुसार, प्रथम चरण में निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति 15 प्रतिशत है। वहीं, द्वितीय चरण से संबंधित कार्य की अद्यतन प्रगति की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी गई। अधिकारियों ने बताया कि काठगोदाम अमृतपुर बायपास निर्माण के अंतर्गत दो किलोमीटर तक पहाड़ी कटान का कार्य पूरा कर लिया गया है।


