शिव एन्क्लेव में आधी रात फायरिंग और तोड़फोड़ मामले में तीन रिगफ्तार
रुद्रपुर। गंगापुर दक्ष चौक के पास स्थित शिव एन्क्लेव में आधी रात को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नन्दू पुत्र सालिक राम, निवासी ग्राम नई बस्ती खानपुर, पोस्ट कौशलगंज, तहसील विलासपुर, सोहेल पुत्र मो0 उमर, निवासी ग्राम सिरौली कला, थाना पुलभट्टðा, किच्छा, हाल निवासी आजादनगर वार्ड नं0 07, श्मशान भूमि रोड, ईंटों के फड़ के पास, थाना ट्रांजिट कैम्प, और सुमित अधिकारी उर्फ बंगाली पुत्र हरीश चन्द्र अधिकारी, निवासी भदईपुरा वार्ड नं0 14, बंगाली मंदिर के पास, थाना ट्रांजिट कैम्प के रूप में हुयी है। वहीं मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार की रात करीब 12 बजे शिव एन्क्लेव स्थित एक मकान में बिजली के बिल को लेकर किराएदारों के बीच बातचीत हो रही थी। इसी दौरान मकान की ऊपरी मंजिल पर किराए पर रहने वाली तीन युवतियों के कमरे में युवकों के आने-जाने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। कहासुनी के दौरान पता चला कि उस समय भी युवतियों के कमरे में एक युवक मौजूद है। विवाद बढ़ने पर युवक छत के रास्ते पड़ोस के मकान में जाकर छिप गया। बताया जा रहा है कि युवक के छिपने की जानकारी मिलने पर कुछ लोग उसे तलाशते हुए पड़ोस के मकान में पहुंचे। वहां से बाहर निकलने के बाद युवक कथित तौर पर लोगों को धमकी देते हुए फरार हो गया और अपनी कार मौके पर ही छोड़ गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसकी कार के शीशे तोड़ दिए और टायरों के नट-बोल्ट खोल दिए। आरोप है कि कुछ देर बाद युवक अपने पांच से छह साथियों के साथ वापस पहुंचा। इस दौरान उनके हाथों में तलवार और तमंचे थे। युवकों ने कॉलोनी में पहुंचते ही कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में दुबक गए। हमलावरों ने कॉलोनी में खड़ी दो से तीन कारों में भी तोड़फोड़ की। इस दौरान एक युवक का मोबाइल फोन भी तमंचे के बल पर छीनने का आरोप है। घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी जुटाई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करते हुए सुहेल, नंदू और सुमित को हथियारों सहित गिरफ्तार कर लिया। वहीं दो अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है और गिरफ्तार आरोपियों से घटना में इस्तेमाल हथियारों तथा फरार आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है। आधी रात को हुई फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना से शिव एन्क्लेव के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
