पुलिस बोली-ठुकराल के आवास पर दबिश नहीं,नोटिस देने गई थी टीम : गिरफ्तारी से पहले होगी जांच
बेहड़ ने पूछा- नोटिस के लिए इतनी फोर्स और देर रात जाने की क्या जरूरत थी?
रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद देर रात पुलिस टीम के उनके आवास पर पहुंचने को लेकर उठे सवालों के बीच पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की है। कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी अजय गणपति से मुलाकात कर कई बिंदुओं पर वार्ता की। वार्ता के बाद एसपी सिटी ने कांग्रेसियों के बीच पहुंचकर पुलिस का पक्ष स्पष्ट किया। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि देर रात पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के आवास पर पुलिस टीम दबिश देने नहीं, बल्कि धारा 41 के तहत नोटिस तामील कराने गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व विधायक के खिलाफ दर्ज मुकदमे में तत्काल गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं की जा रही है। मामले में पहले नियमानुसार जांच होगी और जांच के तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस की इस कार्रवाई के समय और तरीके पर सवाल उठाए। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने सवाल किया कि यदि पुलिस पूर्व विधायक के घर केवल नोटिस तामील कराने गई थी तो इतनी बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स साथ ले जाने की क्या आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि नोटिस दिन में भी तामील कराया जा सकता था, फिर देर रात पुलिस टीम को वहां जाने की जरूरत क्यों पड़ी। बेहड़ के सवाल पर एसएसपी ने कहा कि इस पूरे मामले में सीओ से संबंधित बिंदुओं पर जानकारी मांगी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम किस आधार पर और किन परिस्थितियों में देर रात वहां गई थी, इसकी जानकारी ली जाएगी। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधायक ठुकराल के खिलाफ दर्ज मुकदमे के साथ ही उनकी ओर से कांग्रेस नेताओं के खिलाफ लगाए गए आरोपों और दी गई तहरीर पर कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। विधायक तिलक राज बेहड़ ने सवाल किया कि पूर्व विधायक की ओर से दी गई शिकायत पर मुकदमा कब दर्ज किया जाएगा। इस पर एसएसपी ने बताया कि संबंधित शिकायत की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार जांच के लिए 14 दिन का प्रावधान है और जांच पूरी होने के बाद ही मुकदमा दर्ज करने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। एसएसपी से वार्ता के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस अधिकारियों के रुख को सकारात्मक बताया। एसएसपी से वार्ता के दौरान किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, संजय ठुकराल समेत कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के बाद एसपी सिटी स्वयं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे और एसएसपी के साथ कांग्रेस नेताओं की हुई वार्ता में उठाए गए प्रमुख बिंदुओं तथा पुलिस के जवाब की जानकारी दी। पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया कि पूर्व विधायक के खिलाफ दर्ज मुकदमे में पहले जांच की जाएगी और जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी। वहीं, देर रात नोटिस तामील कराने पहुंची पुलिस टीम के साथ बड़ी संख्या में फोर्स जाने के सवाल पर भी अब सीओ से जानकारी मांगी जाएगी। वार्ता में पुलिस अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद कांग्रेसियों ने धरना समाप्त कर दिया।



