October 29, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बागेश्वर में DM अपूर्वा पांडे के नाम पर साइबर ठगी की कोशिश, फर्जी संदेश भेजकर मांगे पैसे

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर साइबर ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। अज्ञात मोबाइल नंबर से फर्जी संदेश भेजकर लोगों से धनराशि की मांग की जा रही है। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है और लोगों से संदिग्ध फोन कॉल व संदेशों से सावधान रहने की अपील की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

डीएम के नाम और फोटो का किया जा रहा दुरुपयोग

जानकारी के अनुसार, साइबर ठगों ने जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे की पहचान का गलत इस्तेमाल कर दूसरे मोबाइल नंबर से संदेश भेजे और धनराशि की मांग की। ऐसे संदेशों के जरिए लोगों को भ्रमित कर ठगी का शिकार बनाने की कोशिश की जा रही है।

बिना पुष्टि किए न भेजें पैसे

जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से जिलाधिकारी या अन्य अधिकारी के नाम पर पैसे मांगे जाने पर भरोसा न करें। धनराशि भेजने से पहले संबंधित अधिकारी से आधिकारिक माध्यम से पुष्टि जरूर करें। किसी अधिकारी का नाम या फोटो दिखाई देने मात्र से संदेश को वास्तविक न मानें।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

जिला प्रशासन ने नागरिकों को संदिग्ध कॉल, मैसेज और ऑनलाइन धनराशि मांगने वाले अनुरोधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी और समय रहते सत्यापन कर साइबर ठगी से बचा जा सकता है।

साइबर सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां:

  • अनजान नंबर से आए संदेश के आधार पर पैसे ट्रांसफर न करें।
  • किसी अधिकारी की पहचान की पुष्टि आधिकारिक माध्यम से करें।
  • ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें।
  • यदि साइबर वित्तीय ठगी हो जाए, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *