तानाशाही के खिलाफ पूरे प्रदेश में होगा आंदोलन: बेहड़ बोले- दोनों पक्षों की ओर से शोर-शराबा और हंगामा हुआ था
रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में दर्ज मुकदमे को लेकर कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है।किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि कांग्रेस इस मामले को केवल रुद्रपुर तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि पूरे उत्तराखंड में आंदोलन का रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुकदमे के खिलाफ कांग्रेस उच्च न्यायालय की शरण में जाने की तैयारी कर रही है। एसएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ प्रशासन द्वारा दर्ज कराया गया मुकदमा पूरी तरह गलत और आधारहीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। बेहड़ ने कहा कि जिस बैठक को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया, उसमें दोनों पक्षों की ओर से शोर-शराबा और हंगामा हुआ था। उनका आरोप है कि भाजपा के प्रतिनिधियों ने जानबूझकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उत्तेजित किया। दो पक्षों के बीच हुए शोरशराबे में सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज करना गलत है। उन्होंने प्रशासन पर सत्ता के दबाव में एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया। बेहड़ ने कहा कि कांग्रेस इस मामले को कानूनी स्तर पर भी चुनौती देगी और मुकदमे के खिलाफ उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दर्ज मुकदमें को लेकर पार्टी चुप नहीं बैठेगी। इस पूरे मामले को रुद्रपुर मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ आंदोलन चलाया जाएगा।विधायक बेहड़ ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय हुआ है और पार्टी लोकतांत्रिक एवं कानूनी तरीके से इसका विरोध करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत करने का आ“वान किया।
