February 25, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

देहरादून से पिथौरागढ़ के लिए फ्लाईट शुरू: पहले दिन सीएम धामी समेत 15 लोगों ने भरी उड़ान

देहरादून(उद संवाददाता)। दून एयरपोर्ट से पिथौरागढ़ के लिए फ्लाइट शुरू हो गई है। मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून-पिथौरागढ़ फ्लाइट का एयरपोर्ट टर्मिनल में दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। जिसके बाद 10ः10 बजे फ्लाई बिग के 18 सीटर विमान ने देहरादून एयरपोर्ट से पिथौरागढ़ के लिए उड़ान भरी।पहले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कुल 15 लोगों ने देहरादून से पिथौरागढ़ के लिए उड़ान भरी। फ्लाई बिग को बीते जुलाई माह में इस फ्लाइट को शुरू किया जाना था, लेकिन डीजीसीए से एप्रुवल नहीं मिलने के कारण और कंपनी के अपने निजी कारणों के कारण इस फ्लाइट को शुरू नहीं किया जा सका।डीजीसीए ने इस फ्लाइट के कई ट्रायल के बाद मंजूरी दी है। इसके बाद फ्लाइट को शुरू कर दिया गया है। इससे गढ़वाल और कुमाऊं हवाई मार्ग से जुड़ गए हैं।जिससे पर्यटन, तीर्थाटन के अलावा व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की संभावनाएं हैं। सीएम धामी ने इस दौरान कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों के फलस्वरुप आज बहुप्रतीक्षित ‘पिथौरागढ़ -देहरादून हवाई सेवा’ का शुभारंभ हो चुका है। इस हवाई सेवा के शुरू होने से जहां स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं इसके माध्यम से सीमांत क्षेत्र का पर्यटन भी और अधिक विस्तारित होगा, जिससे स्थानीय लोगों की आजीविका में वृद्धि होगी। कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। सीएम धामी ने  कहा कि निश्चित रूप से आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री जी की प्रेरणा से यह हवाई सेवा जनपद पिथौरागढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इस हवाई सेवा के शुरू होने से सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के लोग अब 1 घंटे में देहरादून पहुंच सकेंगे। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री जी से पिथौरागढ़ से हिंडन (NCR) के लिए हवाई सेवा शुरू करने का अनुरोध किया है। जल्द ही जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून-अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ के मध्य हेली सेवा को भी नियमित किया जाएगा। हमारी सरकार निकट भविष्य में चिन्यालीसौड़़ व गौचर से छोटे एयर क्राफ्ट की सेवाओं को शामिल करने के संबंध में भी कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *