बड़ी खबर : हरीश रावत को ED ने पूछताछ के लिए जारी किया नोटिस : मां की तस्वीर लेकर ED दफ्तर पहुंचे ,परिवार की संपत्तियों और पुराने ITR के दस्तावेज मांगे
देहरादून। UKSSSC की वर्ष 2016 की VPDO परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। नोटिस मिलने के दो दिन बाद शनिवार को हरीश रावत देहरादून स्थित ED कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उनके हाथ में उनकी मां की तस्वीर भी नजर आई। ED कार्यालय पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में रावत ने कहा कि उन्हें दो दिन पहले नोटिस मिला था और उनसे बड़ी संख्या में दस्तावेज मांगे गए हैं। इनमें पुराने आयकर रिटर्न (ITR), उनकी और परिवार के सदस्यों की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज समेत अन्य जानकारी शामिल है।रावत ने कहा कि नोटिस में परिवार के दस्तावेज मांगे गए हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि ‘परिवार’ से ED का आशय किन-किन सदस्यों से है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार काफी बड़ा है और परिवार की कई बेटियों की शादी हो चुकी है। ऐसे में इतने कम समय में सभी सदस्यों के पुराने ITR और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जुटाना मुश्किल है।रावत ने यह भी कहा कि उन्हें नोटिस की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इसकी सूचना किसी अन्य व्यक्ति को नहीं दी। करीब 36 घंटे पहले मिली जानकारी के बाद वह खुद ED कार्यालय पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि वह किसी को साथ लेकर नहीं आए और केवल अपनी मां की तस्वीर अपने साथ लेकर पहुंचे।
चंदन सिंह जीना के ठिकानों पर ED की छापेमारी
यह मामला UKSSSC की 2016 की VPDO परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। इसी मामले की जांच के तहत ED ने 10 सितंबर को तत्कालीन UKSSSC अध्यक्ष, सचिव, परीक्षा नियंत्रक, निजी कंप्यूटर एजेंसी के संचालक और मामले से जुड़े अन्य लोगों के परिसरों पर तलाशी की कार्रवाई की थी।कार्रवाई के दौरान हरीश रावत के पूर्व OSD और निजी सचिव रहे चंदन सिंह जीना के परिसर पर भी तलाशी ली गई थी।ED की कार्रवाई में जीना के परिसर से 32 लाख रुपये नकद, करीब 200.5 ग्राम सोना और 12 लग्जरी घड़ियां बरामद होने की बात सामने आई। इसके अलावा जीना और उनके परिवार के सदस्यों से जुड़े बैंक खातों में करीब 52.16 लाख रुपये का बैलेंस मिलने की जानकारी दी गई है।जांच एजेंसी ने मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के प्रावधानों के तहत बैंक खातों पर कार्रवाई की और जीना का मोबाइल फोन भी जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा।ED की कार्रवाई के बाद हरीश रावत ने कांग्रेस में अपने कुछ संगठनात्मक पदों से इस्तीफा देने की घोषणा भी की थी।फिलहाल ED की जांच जारी है। हरीश रावत का ED कार्यालय पहुंचना नोटिस के अनुपालन और जांच के सिलसिले में दस्तावेज उपलब्ध कराने से जुड़ा है।
