September 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तरकाशी में मुख्य सचिव ने विकास योजनाओं की समीक्षा

उत्तरकाशी । मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिला योजना, राज्य वित्त, 25 सूत्रीय कार्यक्रम तथा केंद्र पोषित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिले में संचालित योजनाओं की जानकारी समाहित करने वाली डिजिटल पहल योजना दीदी ई पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने धामों और धार्मिक स्थलों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत कूड़ा निस्तारण के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। सड़कों पर सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए बीआरओ, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और स्थानीय नगर निकायों को 15 अक्टूबर तक सड़कों को गîक्कामुक्त करने का अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागाध्यक्षों से नियमित रूप से धरातलीय निरीक्षण करने तथा अंतरविभागीय समन्वय के माध्यम से लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान करने को कहा। मुख्य विकास अधिकारी को उद्यान विभाग के तहत पॉलीहाउस निर्माण और जायका परियोजना के निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष धीमी प्रगति में सुधार के लिए नियमित निगरानी करने के साथ जिला सैनिक कल्याण विभाग के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान जल शक्ति मंत्रालय के राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन और उत्तराखंड राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के संयुक्त तत्वावधान में प्रारंभ नदी, जलीय संसाधनों का संरक्षण और जैव विविधता विरासत प्रबंधन परियोजना का आधिकारिक उद्घाटन किया गया। प्रशासनिक स्वीकृति एवं व्यय की मंजूरी के बाद लगभग 3.26 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले इस जिला स्तरीय मॉडल को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने स्वच्छ गंगा, निर्मल एवं अविरल यमुना के संकल्प के साथ गंगोत्री और यमुनोत्री क्षेत्रों की हिमालयी नदियों के संरक्षण के लिए शुरू किया। बैठक से पूर्व मुख्य सचिव ने जिला सभागार में सिविल सोसायटी, भूतपूर्व सैनिक एवं अर्द्धसैनिक बलों के पेंशनर्स, होटल एसोसिएशन तथा विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास, पर्यटन, पूर्व सैनिकों एवं पेंशनर्स से जुड़े विषयों सहित विभिन्न जनसमस्याओं और सुझावों से उन्हें अवगत कराया। इस दौरान वीबी जी रामजी योजना में ऑनलाइन उपस्थिति की समस्या, नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण, सड़क एवं नेटवर्क की समस्या, उपनल में पूर्व सैनिकों के लिए समान कार्य समान वेतन, नेलांग जादुंग परमिट के लिए एकल खिड़की व्यवस्था तथा स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए गए। मुख्य सचिव ने प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनते हुए कहा कि विभिन्न वर्गों और संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद के माध्यम से क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं और समस्याओं को समझने में मदद मिलती है। जनहित से जुड़े विषयों का नियमानुसार परीक्षण कर समाधान की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि अधिकांश प्राप्त समस्याओं के निस्तारण की कार्यवाही गतिमान है, जबकि शेष समस्याओं और मांगों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठनों द्वारा उठाए गए उचित और जनहित से जुड़े विषयों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य सचिव ने जिला मुख्यालय स्थित स्मार्ट कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर आधुनिक निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी नेटवर्क, वास्तविक समय निगरानी प्रणाली तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। मुख्य सचिव ने आमजन की सुरक्षा और सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए स्मार्ट निगरानी प्रणाली का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्य सचिव ने भटवाड़ी विकासखंड के गणेशपुर में समग्र पर्यटन पहल के तहत संचालित वूमेन हिल्स ट्रैक एडवेंचर का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से संवाद कर पर्यटन गतिविधियों से जुड़कर उनके अनुभवों की जानकारी ली। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को ट्रेकिंग, गाइडिंग, कुकिंग और कैंपिंग का प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है। मुख्य सचिव ने महिला सशक्तिकरण और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने वाली इस पहल की जानकारी ली। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार, ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित विभिन्न संगठनों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *