हैप्पी हत्याकांड में वांछित बदमाश को मुठभेड़ में लगी गोली
गिरफ्तार साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
हरिद्वार (संवाददाता)। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर के जंगल में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान मुदस्सिर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। फरार बदमाश की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार बहादराबाद क्षेत्र में बाइक मैकेनिक हैप्पी की हत्या के मामले में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान देर रात दौलतपुर के जंगल में दो बाइक सवार संदिग्ध बदमाशों के होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने उन्हें घेरने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान एक बदमाश को गोली लग गई, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। गोली लगने के बाद पुलिस ने मुदस्सिर को मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस की टीमें फरार बदमाश की तलाश में जंगल में लगातार कांबिंग कर रही हैं। मुठभेड़ की सूचना पर एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर भी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। बाद में उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक 14 सितंबर को बाइक मैकेनिक हैप्पी पुत्र राजकुमार अपनी दुकान में काम कर रहा था। इसी दौरान दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने दुकान में घुसकर उसे गोली मार दी थी और जंगल के रास्ते फरार हो गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था और भीम आर्मी की ओर से बहादराबाद कोतवाली का घेराव भी किया गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की थी। बहादराबाद कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके फरार साथी और हत्या की घटना में उनकी भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए जंगल और आसपास के क्षेत्र में तलाश जारी है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
