September 16, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सांसद अजय भट्ट ने ज्योलिकोट में जल जनित बीमारियों के बचाव कार्यों का लिया जायजा

नैनीताल । नैनीताल ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने मंगलवार को ज्योलिकोट क्षेत्र में जल जनित बीमारियों के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित बचाव और उपचार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों से मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार, जांच, दवाओं तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सांसद ने स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों के उपचार, जांच और दवाओं की उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जनित बीमारियों की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। दिल्ली के साथ नैनीताल जिले के विशेषज्ञ चिकित्सकों को भी तैनात किया गया है, ताकि प्रभावित लोगों को तत्काल और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। सांसद अजय भट्टð ने जल जनित बीमारियों की चपेट में आकर जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से उनके घर पहुंचकर मुलाकात की और घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सांसद ने कहा कि पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है और संबंधित विभागों की जांच जारी है। जांच में किसी की लापरवाही या दोष सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता बीमार हुए लोगों को त्वरित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था बनाने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से भी दिए गए हैं। प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य और अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि स्थिति को जल्द सामान्य किया जा सके। इस अवसर पर नैनीताल विधायक सरिता आर्या, भीमताल ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, जिला मंत्री पुष्कर जोशी, ग्राम प्रधान हरगोबिंद रावत और कैलाश जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *