October 6, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कैंचीधाम में खाई में गिरा दूध का पिकअप, तीन घायल

पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर निकाला
भवाली(उद संवाददाता)। कैंची मंदिर क्षेत्र में मंगलवार तड़के दूध का पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 से 150 मीटर नीचे गहरी खाई में नदी के पास जा गिरा। हादसे में वाहन सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर कैंचीधाम चौकी पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार सुबह करीब पांच बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने कैंची मंदिर क्षेत्र में केरल ढाबे के पास सड़क से काफी नीचे नदी के समीप वाहन की लाइट दिखाई देने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खाई में सर्च अभियान शुरू किया। इस दौरान दूध का पिकअप वाहन संख्या यूके04 सीसी 3465 नदी के पास गिरा मिला। वाहन में तीन लोग फंसे हुए थे, जिन्हें पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलों की पहचान वाहन चालक अंकित सिंह (33), बॉबी (22) और मोहम्मद साकिब (11), निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है। तीनों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। रेस्क्यू अभियान में कैंचीधाम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कुमार, अपर उपनिरीक्षक विजय कुमार, कांस्टेबल विनोद यादव और कांस्टेबल महेश गोस्वामी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *