तीन जिलों में फॉर्म-6, 7 और 8 की जांच: एसआईआर में दावे-आपत्तियों की सुपर चेकिंग को अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
देहरादून। प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम के निर्देश पर निर्वाचन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जनपदों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मतदाता सूची से संबंधित दावे-आपत्तियों और फॉर्म-6, 7 एवं 8 की सुपर चेकिंग की गई।संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का ने हरिद्वार जनपद की रानीपुर और झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्रों में स्थलीय निरीक्षण कर फॉर्मों की जांच की। वहीं उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी ने पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में सुपर चेकिंग की।सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने ऊधमसिंह नगर की जसपुर विधानसभा के भाग संख्या-15 तथा रुद्रपुर विधानसभा के भाग संख्या-38 और 87 में फॉर्म-6, 7 एवं 8 की जांच की।इसके बाद उन्होंने नैनीताल जनपद की लालकुआं विधानसभा के भाग संख्या-62 एवं 71 तथा हल्द्वानी विधानसभा के भाग संख्या-106 में भी फॉर्मों की जांच करते हुए सुपर चेकिंग की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा दावे-आपत्तियों से जुड़े अभिलेखों और फॉर्मों की जांच की। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों के तहसीलदार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
