मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता: धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘मातृशक्ति संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम’ में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं को सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति से संवाद कर उनके अनुभव भी सुने।कार्यक्रम में महिलाओं ने प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ और अपने अनुभव साझा किए। महिलाओं ने योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी देते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि माताओं-बहनों के अनुभवों से यह स्पष्ट होता है कि सरकार द्वारा जिन उद्देश्यों के साथ विभिन्न योजनाएं शुरू की गई थीं, उनका लाभ धरातल पर पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की मातृशक्ति का सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी संकल्प के साथ सरकार विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।कार्यक्रम के दौरान मातृशक्ति की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश सरकार के प्रति व्यक्त किए गए स्नेह एवं आभार का भी उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मिली आत्मीयता, स्नेह, आशीर्वाद और समर्थन के लिए मातृशक्ति का हृदय से आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर विधायक दिलीप रावत, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री एवं त्रिकोण सोसाइटी की निदेशक नेहा शर्मा सहित अन्य गणमान्य एवं सम्मानितजन उपस्थित रहे।

