September 20, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखंड लौट रहे हैं….भगवा रंग की हाफ टी-शर्ट में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे हरीश रावत, समर्थकों में छाया उत्साह

पूर्व सीएम हरीश रावत की उत्तराखंड वापसी, रामपुर तिराहा पहुंचकर शहीदों को किया नमन
देहरादून। लंबे समय तक स्वास्थ्य लाभ के बाद उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत आज उत्तराखंड लौट रहे हैं।उनकी वापसी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।  रावत का प्रदेश दौरा 20 सितंबर से शुरू हुआ और इसकी शुरुआत रामपुर तिराहा स्थित उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीद स्मारक से हुई। रामपुर तिराहा पहुंचकर हरीश रावत ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान भारी संख्या में पहुंचे समर्थकों ने फूलमालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए शहीद हुए आंदोलनकारियों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनके सपनों का उत्तराखंड बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।रावत की प्रदेश वापसी के कार्यक्रम में रामपुर तिराहा के बाद नारसन, मंगलौर, रुड़की और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचने का कार्यक्रम शामिल है। हरिद्वार में गंगा पूजन तथा देहरादून के कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम भी तय है। इससे पहले सितंबर में रावत ने कांग्रेस के कुछ संगठनात्मक पदों से इस्तीफे की पेशकश की थी। यह घटनाक्रम उनके पूर्व ओएसडी से जुड़े ईडी कार्रवाई के बाद सामने आया था। रावत ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को सार्वजनिक रूप से खारिज किया है। लंबे अंतराल के बाद रावत की उत्तराखंड वापसी और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में प्रस्तावित कार्यक्रमों को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता बढ़ने के संदर्भ में देखा जा रहा है।
भगवा रंग की हाफ टी-शर्ट में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे हरीश रावत, दिखा सादगी भरा अंदाज
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत उत्तराखंड वापसी के दौरान अपने सादगी भरे अंदाज में नजर आए। राहुल गांधी के अंदाज में हाफ टी-शर्ट पहनकर वह कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। उनके इस सहज और अनौपचारिक अंदाज ने कार्यकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *