यूटीईटी में दूसरे की जगह परीक्षा देता फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा
कोटद्वार। उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा यूटीईटी के दौरान कोटद्वार में दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने का मामला सामने आया है। परीक्षा केंद्र पर जांच के दौरान एक युवक को फर्जी परीक्षार्थी के रूप में पकड़ा गया। एस डीएम कोटद्वार संदीप कुमार के निर्देशन में करीब आधा घंटे तक चली पूछताछ और जांच पड़ताल में काशीपुर निवासी परीक्षार्थी विशाल कुमार के स्थान पर उत्तर प्रदेश
के बिजनौर जिले के नगीना निवासी हिमांशु को परीक्षा देते हुए पाया गया। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए युवक हिमांशु ने बताया कि काशीपुर निवासी विशाल उसका मित्र है और इसी के चलते वह उसके स्थान पर परीक्षा देने आया था। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए परीक्षा केंद्रों पर सघन निगरानी की जा रही है। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल से मिली सूचना के आधार पर प्रशासन ने कार्रवाई की। राम कंडवाल ने बताया कि उन्हें कुछ प्रमाणिक जानकारियां मिली थीं, जिनके आधार पर विशाल के स्थान पर हिमांशु के परीक्षा देने की जानकारी प्रशासन को दी गई। उन्होंने कार्रवाई के लिए प्रशासनिक टीम का आभार जताया। कंडवाल के अनुसार उनका संगठन अब तक 101 फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़वा चुका है।
