फंसे पर्वतारोहियों और ट्रैकर्स को सुरक्षित निकालने का अभियान जारी
कालिंदी खाल में फंसे सभी 19 लोगों को सुरक्षित हर्षिल पहुंचाया गया
उत्तरकाशी (उद संवाददाता)। जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रें में बर्फबारी के बीच फंसे पर्वतारोहियों और ट्रैकर्स को सुरक्षित निकालने का अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। सुबह से चलाए गए अभियान में कालिंदी पास बेस क्षेत्र से 10, सतोपंथ बेस क्षेत्र से चार और जोगिन प्रथम पास बेस क्षेत्र से आठ सदस्यों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। सुबह 11ः15 बजे तक कुल 22 सदस्यों को सुरक्षित निकाला जा चुका था। उच्च हिमालयी क्षेत्रें में बर्फबारी के बाद ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए चलाए जा रहे अभियान की जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्मार्ट कंट्रोल रूम से अभियान की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने रेस्क्यू टीमों को सभी जरूरी व्यवस्थाओं के साथ तेजी से अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। हर्षिल समेत अन्य पड़ावों पर भी संबंधित टीमों के बीच समन्वय बनाया गया है। प्रशासन के अनुसार सोमवार और मंगलवार को मिलाकर अब तक 50 लोगों को सुरक्षित हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया जा चुका है। रेस्क्यू किए गए ट्रैकर्स की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए हर्षिल हेलीपैड पर भोजन, गर्म पानी और स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई है। सोमवार को कालिंदी पास बेस और ओडन कोल बेस क्षेत्र से 40 सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया था। इनमें कालिंदी खाल में फंसे 19 लोग भी शामिल थे। लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण रेस्क्यू अभियान में कई चुनौतियां सामने आईं। मौसम अनुकूल होने के बाद अभियान दोबारा शुरू किया गया और कालिंदी खाल में फंसे सभी 19 लोगों को सुरक्षित हर्षिल पहुंचाया गया। इसके साथ ही कालिंदी खाल का रेस्क्यू अभियान पूरा कर लिया गया है। सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की हाई एल्टीटड्ढूड रेस्क्यू टीम ने मौके पर रेकी कर बचाव कार्य किया। एसडीआरएफ की टीमें अन्य रेस्क्यू एजेंसियों के साथ समन्वय कर अभियान में जुटी हैं। हर्षिल हेलीपैड पर अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र की मौजूदगी में रेस्क्यू टीमों और हेलिकॉप्टर के पायलट ने अभियान को लेकर आवश्यक समन्वय और आगे की योजना तैयार की। इसके अलावा माउंट जॉगिन क्षेत्र की रेकी के लिए एसडीआरएफ के दो जवान भी रवाना किए गए हैं। टीम क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और सुरक्षित मार्ग का आकलन कर रही है। आपदा प्रबंधन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, वन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं। शेष ट्रैकर्स को सुरक्षित निकालकर हर्षिल हेलीपैड तक पहुंचाने का अभियान लगातार जारी है।
