कार डंपर से टकराई,तीन लोगों की मौत : मां-बेटे और बेटी समेत दो गंभीर घायल
बुलडोजर से कार काटकर चालक को निकाला गया
शक्तिफार्म। पीलीभीत-बस्ती नेशनल हाईवे पर सोमवार को पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास डंपर और कार की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार दो महिलाओं और चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक उसमें फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बुलडोजर की मदद से कार में फंसे चालक को बाहर निकलवाया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां युवती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला मुख्यालय रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार उत्तराखंड के सितारगंज क्षेत्र के शक्तिफार्म बाजार और तीन नंबर देवनगर निवासी एक परिवार के सदस्य सोमवार को कार से पूरनपुर की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी लोग तारक की बहन के बच्चे के नामकरण संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे डंपर से उनकी कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार साधना पत्नी सनातन, शेफाली पत्नी दुलाल और कार चालक तारक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में साधना का बेटा शांतनु और बेटी खुशबू गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर पूरनपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। टक्कर के कारण कार के अगले हिस्से के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से चालक तारक उसमें फंस गया था। उसे बाहर निकालने के लिए बुलडोजर की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद चालक को कार से बाहर निकाला गया। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल खुशबू की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला मुख्यालय रेफर कर दिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन पूरनपुर के लिए रवाना हो गए। शक्तिफार्म क्षेत्र में तीन लोगों की मौत की खबर से शोक की लहर दौड़ गई। एक परिवार के सदस्य नामकरण संस्कार में शामिल होने जा रहे थे लेकिन रास्ते में हुए भीषण हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया।
