ई रिक्शा और कार की टक्कर में तीन की मौत
एक ही परिवार के दो भाइयों और पांच वर्षीय बच्चे ने दम तोड़ा, समेत दस घायल
रुड़की (उद संवाददाता)। ढंडेरा से लक्सर की ओर जा रहे ई रिक्शा की थिथौला में हुंडई कार से हुई टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। मृतकों में दो भाई दिलशाद और अरशद तथा दिलशाद का पांच वर्षीय बेटा उमर शामिल है। घायलों में पांच महिलाएं और पांच बच्चे हैं। छह घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया गया कि रविवार शाम करीब छह बजे हरिद्वार जिले के ढंडेरा स्थित मिलापनगर से परिवार के लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए लक्सर की ओर निकले थे। परिवार के कुल 13 लोग एक ही ई रिक्शा में सवार थे। दोनों भाई दिलशाद और अरशद आगे बैठे थे। दिलशाद ने अपने पांच वर्षीय बेटे उमर को गोद में लिया हुआ था, जबकि पीछे पांच महिलाएं और पांच बच्चे बैठे थे। लक्सर की ओर जाते समय थिथौला में पेट्रोल पंप के पास ई रिक्शा की सफेद रंग की हुंडई आई 20 एक्टिव कार से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई रिक्शा का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। आगे बैठे दिलशाद, अरशद और उमर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। टक्कर के बाद राहगीरों ने रुककर ई रिक्शा में फंसे महिलाओं और बच्चों समेत घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस के अनुसार अस्पताल पहुंचने तक दिलशाद उम्र 32 वर्ष, अरशद उम्र 30 वर्ष और पांच वर्षीय उमर की मौत हो चुकी थी। हादसे में घायल दोनों भाइयों की पत्नियों समेत पांच महिलाएं और पांच बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं। चार बच्चे और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। गंभीर घायलों का उपचार रुड़की के निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि चार अन्य घायलों का उपचार सिविल अस्पताल में कराया जा रहा है। हादसे के बाद हुंडई कार का चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार और ई रिक्शा को कब्जे में ले लिया है। कार का नंबर यूके16 ए 8550 बताया गया है। पुलिस नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार चालक की तलाश कर रही है। मृतकों के शव रुड़की के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखे गए हैं।
