सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं के दल को किया रवाना
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से सेवा संकल्प अभियान के तहत हरियाणा भ्रमण पर जा रहे युवाओं से संवाद किया और उनके दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के अंतरराज्यीय भ्रमण से युवाओं को देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, जीवनशैली, स्थानीय विशेषताओं, विकास कार्यों और नवाचारी पहलों को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलता है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि हरियाणा भ्रमण के दौरान वे वहां की संस्कृति और जीवनशैली के साथ ही विकास कार्यों का भी अध्ययन करें। स्थानीय युवाओं, खिलाड़ियों, किसानों और विभिन्न क्षेत्रें में बेहतर कार्य कर रहे लोगों से संवाद करें और उनके अनुभवों को समझें। उन्होंने कहा कि हरियाणा में देखी गई व्यवस्थाओं और प्रयोगों में से कौन सी पहल उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य के लिए उपयोगी हो सकती है, इस पर भी युवा विचार करें और अपने अनुभव वापस आकर साझा करें। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों में जाने वाले युवा उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय विशेषताओं से भी लोगों को परिचित कराएं। चारधाम के साथ आदि कैलाश, जागेश्वर, कैंची धाम, शीतकालीन पर्यटन और साहसिक पर्यटन की जानकारी अन्य राज्यों के लोगों तक पहुंचाने में युवा भूमिका निभा सकते हैं। इसके अलावा होम स्टे, मोटे अनाज, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के बारे में भी जानकारी साझा की जा सकती है। महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को दूसरे राज्यों तक पहुंचाने में भी युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान की भावना युवाओं को सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने की है। अंतरराज्यीय भ्रमण इसी सोच के साथ युवाओं के बीच संवाद और सीखने की प्रक्रिया को बढ़ावा देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम केवल भ्रमण तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि युवाओं को नए अनुभवों और उपयोगी पहल से सीख लेकर उन्हें उत्तराखंड के संदर्भ में समझने का अवसर मिलना चाहिए।
