सीएम धामी ने बोला तीखा हमला: कांग्रेस नेता इन दिनों ‘नाराज फूफा’ बने हुए हैं
सरकार ने 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में विकास का कोई काम हो, निवेश आए या युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों, कांग्रेस नेताओं को हर अच्छी पहल से परेशानी होने लगती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के सभी नेता इन दिनों ‘नाराज फूफा’ बने हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति लंबे समय तक परिवारवाद और तुष्टिकरण के इर्द-गिर्द घूमती रही है। ऐसे में पारदर्शिता, सुशासन और विकास की राजनीति उसे रास नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को ‘मियां’ ऐसे ही नहीं कहा गया है। यही वजह है कि राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से झूठ और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। शुद्धिकरण प्रकरण को जाति से जोड़ने के कांग्रेस के प्रयास पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने जानबूझकर इस विषय पर भ्रम फैलाने और समाज को बांटने की कोशिश की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुद्धिकरण और हवन जिहादी नारों के विरोध में किया गया था और इसका जातिवाद से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को करने वाले भाई स्वयं अनुसूचित समाज से थे। सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में निवेश आकर्षित करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से न्प्प्क्ठ का गठन किया गया है। सरकार का लक्ष्य राज्य में विकास को गति देना और युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के समय जमीनें बिकती थीं, जबकि वर्तमान सरकार में व्यवस्थाओं को पारदर्शी बनाया गया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है। सीएम धामी ने कहा कि जब सरकारी जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई की जा रही थी, तब कांग्रेस के नेताओं ने इस मुद्दे पर एक शब्द तक नहीं बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता, सुशासन और विकास के एजेंडे पर लगातार काम कर रही है।
