बर्थडे पार्टी के बाद युवक की संदिग्ध मौत, दोस्तों पर उठे सवाल
घायल को सड़क किनारे छोड़कर भागे दोस्त,परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। काठगोदाम क्षेत्र में बर्थडे पार्टी के बाद चार दोस्तों के साथ कार से घूम रहे 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में चलती कार से गिरने के बाद मौत हो गई। हादसा गुरुवार देर रात जमरानी कॉलोनी के पास हुआ। आरोप है कि हादसे के बाद कार सवार दोस्त घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने के बजाय उसे सड़क किनारे तड़पता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपित दोस्तों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। काठगोदाम के तुलसी नगर, पाली सीट निवासी पुष्कर कोहली एक निजी स्कूल बस में परिचालक था। बताया गया कि गुरुवार देर शाम वह अपने चार दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में शामिल होने गया था। इसके बाद सभी कार से घूमते रहे। इस दौरान कार में शराब पीने और जश्न मनाने के वीडियो भी बनाए गए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कार के भीतर शराब की बोतलें दिखाई दे रही हैं। हादसे से पहले पुष्कर ने भी बीयर की बोतल के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की थी। बताया गया कि देर रात करीब तीन बजे तक दोस्त कार से घूम रहे थे। इसके बाद जब वे काठगोदाम की ओर जा रहे थे तो जमरानी कॉलोनी, पनचक्की के पास पुष्कर संदिग्ध परिस्थितियों में चलती कार के दरवाजे से नीचे सड़क पर गिर गया। सिर और गर्दन में गंभीर चोट लगने से वह सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा रहा। दोस्तों के अनुसार कार का दरवाजा अचानक खुलने से पुष्कर नीचे गिरा। हालांकि हादसे के बाद दोस्तों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके से चले जाने की बात सामने आई है। काफी देर तक युवक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा रहा। स्थानीय लोगों की सूचना पर काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और पुष्कर को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुष्कर की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था। परिजनों ने पूरी घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मामले की गहनता से जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि युवक चलती कार से किन परिस्थितियों में गिरा और हादसे के बाद उसके दोस्तों ने उसे अस्पताल क्यों नहीं पहुंचाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतक के साथ मौजूद दोस्तों से पूछताछ की तैयारी कर रही है। कार में मौजूद लोगों, हादसे की परिस्थितियों और सामने आए वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
