उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक मूसलाधार बारिश, स्कूलों में अवकाश घोषित
देहरादून। उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से मानसून कहर बरपा रहा है। मौसम विभाग ने 2 सितंबर के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को सुबह से ही पहाड़ से लेकर मैदान तक मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहा। दिनभर रुक-रुककर हुई बारिश के बीच कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ी। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता भी बढ़ गई। मौसम विभाग ने 2 सितंबर के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। वैज्ञानिकों की माने तो देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यन्त तीव्र दौर होने की सम्भावना है। उक्त जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की माने तो राज्य के शेष जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। जिसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वैज्ञानिकों की माने तो 3 अक्टूबर को भी राज्य के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़ , यूएसनगर और नैनीताल जिले में बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों के साथ- साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। इसे लेकर डीएम की ओर से आदेश भी जारी हो गए हैं।
