भालू के पीछा करने पर खाई में गिरीं दो महिलाएं
घास काटने के दौरान हुआ हादसा, करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिरने से दोनों गंभीर घायल
गोपेश्वर (उद संवाददाता)। पोखरी विकासखंड के ग्राम पंचायत नैल के सिदेली तोक में शुक्रवार को भालू के पीछा करने से घबराईं दो महिलाएं चट्टðान से फिसलकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरीं। हादसे में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बताया गया कि गांव के समीप दोनों महिलाएं घास काट रही थीं। इसी दौरान अचानक उनके सामने भालू आ गया। भालू के पीछा करने पर महिलाएं घबरा गईं और भागने के प्रयास में चट्टðान से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरीं। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों घायल महिलाओं को खाई से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया। यहां दोनों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में भालू की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू के आतंक से निजात दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
