September 2, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मेडिकल कॉलेज में कार्यों की धीमी गति पर भड़के विधायक शिव अरोरा

रुद्रपुर। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2026 27 के शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू कराने की तैयारियों के बीच विधायक शिव अरोरा ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य, फर्नीचर, आधारभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था के अधिकारियों और ठेकेदार को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने पेयजल निगम के परियोजना प्रबंधक नरेंद्र नवानी तथा ठेकेदार प्रतिनिधि अनुज गोयल से कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण परियोजना में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जानी आवश्यक हैं, ताकि वर्ष 2026 27 के सत्र से एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू कराने के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा सके। विधायक ने बताया कि पूर्व में आधारभूत ढांचे से संबंधित कमियों के कारण आवेदन स्वीकृत नहीं हो सका था। अब अगले आवेदन से पहले मेडिकल कॉलेज में फर्नीचर, फैकल्टी, स्टाफ और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। विधायक ने मेडिकल कॉलेज में आवश्यक फर्नीचर लगाने का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी बसेरा को निर्माण कार्य, फर्नीचर, स्टाफ, फैकल्टी और अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान विधायक ने चिकित्सा शिक्षा निदेशक आशुतोष सियाना से दूरभाष पर वार्ता कर मेडिकल कॉलेज में आवश्यक फैकल्टी और मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के समक्ष आवेदन से पहले सभी आवश्यक मानकों को पूरा किया जाना चाहिए। विधायक ने बताया कि वह मेडिकल कॉलेज को इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू कराने के संबंध में हाल ही में देहरादून में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से भी मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में सभी आवश्यक कार्यों में तेजी लाते हुए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं पूरी करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2026 27 के शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू कराने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा सके। निरीक्षण के दौरान डॉ. चंद्र प्रकाश, प्राचार्य डॉ. सीपी बसेरा, पेयजल निगम के परियोजना प्रबंधक नरेंद्र नवानी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुमन पांडे, डॉ. राजीव कुमार सिंह, डॉ. सृजन श्रीवास्तव, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष संदीप राव, मनोज मदान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *