भुलाया नहीं जा सकता आंदोलनकारियों का बलिदानः धामी
मसूरी गोलीकांड के शहीदों को मुख्यमंत्री धामी ने किया नमन
मसूरी(उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी गोलीकांड के शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री धामी कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाये। उन्होंने खटीमा से वर्चुअली कार्यक्रम को सम्बोधित किया। कार्यक्रम में मंत्री गणेश जोशी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, अनुज गुप्ता, ओपी उनियाल, पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा नेता रविंद्र जुगरान, दिनेश अग्रवाल, यूकेडी के अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त कुकरेती, सोनिया आनंद रावत आदि ने पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित अर्पित की। इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा कि मसूरी गोली कांड में छह आंदोलन कारियों ने राज्य निर्माण के लिए अपना बलिदान दिया था। मुख्यमंत्री ने शहीद आंदोलनकारियों के साथ डीएसपी उमाकांत त्रिपाठी को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद अस्तित्व में आया है। राज्य निर्माण के लिए शहीदों ने अपने भविष्य की चिंता किए बिना आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए अपना जीवन न्योछावर किया। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में मातृशक्ति का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य आंदोलन कारियों की भावनाओं के अनुरूप काम कर रही है। आंदोलनकारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं। सरकार ने राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन में वृद्धि भी की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। राज्य आंदोलनकारियों की लंबे समय से चली आ रही भू कानून की मांग को सरकार ने लागू किया है। राज्य में सड़क और रेल संपर्क के विकास पर तेजी से काम किया जा रहा है। इसके साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड का कोई भी युवा रोजगार के लिए पलायन करने को मजबूर न हो। इसके लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ राज्य के विकास को भी गति दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश के श्रेष्ठ राज्यों में शामिल करने के लक्ष्य के साथ सरकार आगे बढ़ रही है।
