गौला में छलांग लगाने वाले व्यक्ति का शव बरामद
हल्द्वानी । दो दिन पूर्व काठगोदाम में पुल से गौला नदी में छलांग लगाने वाले व्यक्ति के जिंदा बचने की उम्मीद और बेचौनी के बीच गौला नदी के किनारे अपने परिजन की तलाश कर रहा परिवार के सब्र का बांध आज बुधवार को उस वक्त टूट गया, जब उफनती गौला ने स्वयं ही उस व्यक्ति का शव किनारे पर लौटा दिया। प्रातः अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के समीप नदी किनारे शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने पहुंचकर शव की पहचान 65 वर्षीय राम सिंह के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। गौरतलब हो कि बिंदुखत्ता के शास्त्रीनगर निवासी राम सिंह कौरंगा ने काठगोदाम स्थित गौला बायपास पुल से दो दिन पूर्व नदी में छलांग लगा दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडी आरएफ की टीमें उनकी तलाश में जुट गई थीं। लेकिन गौला का तेज बहाव और बढ़ा हुआ जलस्तर लगातार रेस्क्यू अभियान में बाधा बना रहा। नदी की विकराल स्थिति के बावजूद जवानों ने तलाश अभियान जारी रखा। आज बुधवार सुबह नदी किनारे शव दिखाई देने की सूचना मिली। इसके बाद प्रशासनिक टीम के साथ एनडीआरएफ के जवान भी मौके पर पहुंचे। शव को नदी से बाहर निकाल पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया।

