जिम में वर्कआउट के दौरान सिपाही की मौत
बनबसा (उद संवाददाता)। जिम में वर्कआउट के दौरान उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) में तैनात एक सिपाही की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। साथी उन्हें तत्काल उपचार के लिए खटीमा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मृतक 38 वर्षीय गिरीश भट्ट वह मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के निवासी थे और वर्तमान में चंपावत जिले के बनबसा के भजनपुर क्षेत्र में रह रहे थे। वर्ष 2006 में उत्तराखंड पुलिस में भर्ती हुए गिरीश भट्ट वर्तमान में टनकपुर स्थित सर्विलांस कार्यालय में एसओजी में तैनात थे। पुलिस विभाग में वह अपनी कार्यकुशलता और अनुशासित कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। बताया गया कि गिरीश भट्ट पिछले करीब तीन वर्षों से नियमित रूप से जिम जाकर व्यायाम करते थे और अपनी फिटनेस को लेकर बेहद सजग रहते थे। शुक्रवार शाम करीब चार बजे वह रोजाना की तरह जिम पहुंचे और वर्कआउट शुरू किया। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह चक्कर खाकर फर्श पर गिर पड़े। जिम में मौजूद अन्य लोगों और उनके साथियों ने तत्काल उन्हें संभाला और निजी वाहन से खटीमा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल सूत्रें के अनुसार प्रथम दृष्टया कार्डियक अरेस्ट की आशंका है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पुलिस अधिकारी और गिरीश भट्ट के सहकर्मी भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गिरीश भट्ट अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रें का भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी आकस्मिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सहकर्मियों ने बताया कि गिरीश भट्ट एक मेहनती, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी थे। एसओजी में तैनाती के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों के खुलासे और विशेष अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
