देहरादून में कांग्रेस भवन से शुरू हुई यात्रा : हरीश रावत का सरकार पर तीखा हमला, कांग्रेस VIP ढूंढकर बाहर लाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएगी
प्रीतम सिंह के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी शामिल हुए
देहरादून- चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने राजधानी देहरादून स्थित प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर यात्रा का स्थानीय स्तर पर आगाज किया। उन्होंने प्रदेश की सुख, समृद्धि, शांति और जनता के लिए न्याय की कामना की। देहरादून में कांग्रेस भवन से शुरू हुई यह यात्रा राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रें से होते हुए आगे बढ़ी। पार्टी की योजना आने वाले दिनों में सहसपुर, विकासनगर, चकराता, धर्मपुर, कैंट और ऋषिकेश समेत प्रदेश के अन्य प्रमुख विधानसभा क्षेत्रें में भी ऐसी यात्राएं निकालने की है। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने, बढ़ते भ्रष्टाचार, कमरतोड़ महंगाई, बेरोजगारी और राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों को हथियार बनाकर कांग्रेस ने इस न्याय यात्रा की शुरुआत की है। देहरादून में आयोजित इस यात्रा के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी विशेष रूप से शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं के हाथों में अंकिता भंडारी को न्याय दो और महंगाई पर नियंत्रण करो जैसे नारे लिखे पोस्टर नजर आए। इन पोस्टर्स पर प्रमुख मुद्दों के साथ-साथ स्थानीय नेताओं की तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई थीं, जिससे साफ जाहिर होता है कि आगामी चुनावों से पहले सभी नेता अपना पूरा दमखम दिखाने का प्रयास कर रहे हैं। यात्रा के दौरान राजधानी की सड़कों पर भारी भीड़ और गहमागहमी देखने को मिली। देहरादून में कांग्रेस कार्यालय के सामने यात्रा के कारण एक किलोमीटर लंबा लंबा जाम लग गया, जिससे आम राहगीरों और वाहन चालकों को कुछ समय के लिए असुविधा का सामना करना पड़ा। कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर यह यात्रा पलटन बाजार से गुजरते हुए मुख्य घंटाघर चौक तक पहुंची। यहां पार्टी नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की मूर्ति के नीचे अंकिता भंडारी की तस्वीर रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और माल्यार्पण किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अंकिता ने हमारे और समाज के सम्मान के लिए अपनी जान की बाजी लगा दी। उन्होंने कहा कि यदि अंकिता पैसे लेकर अपराधियों की बात मान लेती, तो आज वह जीवित होती, लेकिन उसने उत्तराखंड के गौरव की रक्षा की और गलत के खिलाफ डटकर आवाज उठाई। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अपराधी चाहे पाताल में हों या सात समुद्र पार छिपे हों, कांग्रेस उन्हें ढूंढकर बाहर लाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएगी।



