अवैध मजार और हिस्ट्रीशीटर के मकान पर चला बुलडोजर
नानकमत्ता । नानकसागर बांध क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ शनिवार को प्रशासन, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह के कब्जे से करीब दो एकड़ सरकारी भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई। अभियान के दौरान बुलडोजर से अवैध पक्के निर्माण के साथ एक धार्मिक संरचना के रूप में निर्मित मजार को भी ध्वस्त किया गया। प्रशासन के अनुसार मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य 50 लाख रुपये से अधिक है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मुख्यमंत्री की अपराध एवं अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति तथा पुलिस मुख्यालय के ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली नानकमत्ता पुलिस ने क्षेत्र के अपराधियों द्वारा अर्जित अवैध संपत्तियों का चिन्हीकरण किया था। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि कोतवाली नानकमत्ता के हिस्ट्रीशीटर एवं गैंगस्टर तारा सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी ग्राम गिधौर तथा उसके परिजनों द्वारा नानकसागर बांध स्थित उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से पक्का निर्माण किया गया था। पुलिस का दावा है कि उक्त स्थान का उपयोग लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी और उससे जुड़ी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। मामले की रिपोर्ट सिंचाई विभाग को भेजे जाने के बाद विभाग ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए थे। नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपजिलाधिकारी खटीमा के आदेश पर शनिवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान में तहसील प्रशासन, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के तृतीय सिंचाई खंड बरेली, उत्तराखंड पुलिस, पीएसी और फायर सर्विस की संयुक्त टीम मौजूद रही। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से अवैध पक्का निर्माण ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान सरकारी भूमि पर निर्मित एक धार्मिक संरचना के रूप में बनी मजार को भी हटाया गया। पूरे अभियान की वीडियोग्राफी कराई गई तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस ने बताया कि तारा सिंह के विरुद्ध डकैती, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर अधिनियम, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न मामलों में कुल 27 मुकदमे दर्ज हैं तथा वह वर्तमान में जेल में निरुद्ध है। इसके अलावा उसकी पत्नी गुरमीत कौर, भाई सुखवंत सिंह तथा राजू उर्फ हरजिंदर सिंह के विरुद्ध भी एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम एवं अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि नशा तस्करों, गैंगस्टरों और संगठित अपराध में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
