गिरधारी लाल साहू के नेपाल भागने की आशंका : फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा सकता है ऑडियो
रेखा आर्या मामले में एसआईटी की जांच तेज
देहरादून। मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू से जुड़े मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने जांच तेज कर दी है। मामले से जुड़े ऑडियो को बृहस्पतिवार को न्यायालय के माध्यम से फॉरेंसिक लैब भेजे जाने की संभावना है। इसके लिए आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। वहीं, पुलिस गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए साक्ष्य जुटाने में लगी है।
मंत्री ने एसआईटी को बताए अहम तथ्य
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने शादी के बाद से प्रताड़ित किए जाने और धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि साहू ने कंपनी के दस्तावेजों में कथित तौर पर जालसाजी कर उनका नाम निदेशक पद से हटाया। विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर प्रताड़ित करने और मारपीट की कोशिश करने के आरोप भी लगाए गए हैं। मामले की जांच के लिए एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। एसआईटी ने तीन दिन पहले मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज किए थे। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान मंत्री ने जांच टीम को कुछ अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही, कथित जाली दस्तावेज किन स्थानों से बरामद हो सकते हैं, इसकी जानकारी भी साझा की।
गिरफ्तारी के लिए जुटाए जा रहे साक्ष्य
एसआईटी अब मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को एकत्र करने में जुटी है। हालांकि, अभी तक गिरधारी लाल साहू का पता नहीं चल सका है। इस बीच उनके उत्तर प्रदेश के रास्ते नेपाल भागने की आशंका भी जताई जा रही है। अब जांच टीम की प्राथमिकता मामले से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने, ऑडियो की फॉरेंसिक जांच कराने और आरोपी का पता लगाकर गिरफ्तारी की कार्रवाई आगे बढ़ाने की है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।


