Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हादसे में बुजुर्ग ट्रांसपोर्टर की दर्दनाक मौत

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। शुक्रवार तड़के किच्छा मार्ग पर ग्राम लालपुर में स्थित पैट्रोल पंप के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से गाड़ियों में तेल डलवाने आये क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित बुजुर्ग ट्रांसपोर्टर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया और शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार आईडिया कालोनी लालपुर निवासी 66 वर्षीय प्रतिपाल सिंह पुत्र अवतार सिंह क्षेत्र के प्रतिष्ठित ट्रांसपोर्ट कारोबारी थे। बताया जाता है कि आज प्रातः करीब चार बजे वह अपने वाहनों में तेल डलवाने के लिए लालपुर स्थित पैट्रोल पंप में आये हुए थे। इसी दौरान जब वह किसी कार्य के लिए सड़क किनारे खड़ी अपनी कार से उतरकर मुख्य मार्ग की ओर आये तो उसी दौरान तेज गति से जाते अज्ञात वाहन ने उन्हें जोर से टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इस हादसे में प्रतिपाल सिंह लहूलुहान होकर गंभीर अवस्था में सड़क पर गिर गये। घटना के बाद मौके पर उनके वाहनों के कर्मी आ पहुंचे और उन्होंने मामले की सूचना तत्काल उनके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन आ पहुंचे तब तक प्रतिपाल सिंह की मौत हो चुकी थी। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मी भी वहां आ गये और उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा परिजनों से आवश्यक जानकारी लेकर शव को अपने कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बताया जाता है कि मृतक प्रतिपाल सिंह के दो पुत्र व एक पुत्री हैं जिनका विवाह हो चुका है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। घटना की जानकारी मिलने पर किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल व समाजसेवी सुशील गाबा आदि ने मोर्चरी पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *