मौत बनकर पलटा डंपर, चालक समेत महिला की दर्दनाक मौत
डंपर के साथ टूटकर गिरे डिवाइडर झोपड़ी पर गिरे
टिहरी (उद संवाददाता)। टिहरी जनपद में भद्रकाली तिराहे के आगे गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि डंपर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। दुर्घटना में वाहन चालक और सड़क किनारे झोपड़ी में रह रही एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे के दौरान सड़क पर लगे दो भारी कंक्रीट डिवाइडर भी टूटकर नीचे जा गिरे, जो सड़क के बायीं ओर स्थित झोपड़ी पर जा गिरे। झोपड़ी में मौजूद महिला डिवाइडर के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए एसडी आरएफ जवानों ने डिवाइडर के नीचे दबी महिला को बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यमसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं वाहन चालक को टीम के पहुंचने से पहले ही अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान चालक फारुख निवासी बहादरपुर लक्सर हरिद्वार तथा कौशल्या पत्नी सुरेश निवासी बावाड़ी शिवपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था। डंपर के नीचे गिरते ही तेज आवाज हुई और कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। गौरतलब है कि टिहरी जनपद में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। पहाड़ी क्षेत्रें में संकरी सड़कों, तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे पहले 23 अप्रैल 2026 को चंबा क्षेत्र में चंबा कोटी मार्ग पर नैल के पास एक बोलेरो कैंपर वाहन गहरी खाई में गिर गया था, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया था। लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोग भी चिंता जता रहे हैं।
