February 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

छात्र संघ चुनाव नहीं होने पर सरकार के खिलाफ छात्र नेताओं में आक्रोश,पुलिस से हुई झड़प

एसएसजे परिसर में तालाबंदी कर नगर में निकाला विरोध जुलूस
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना परिसर में छात्र संघ चुनाव नहीं होने पर छात्र नेताओं का आक्रोश भड़क गया है। शुक्रवार को नाराज छात्र नेताओं ने परिसर में तालाबंदी कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उसके बाद कॉलेज से चौघानपाटा तक जुलूस निकाला। वहीं, मालरोड स्थित चौघानपाटा में सड़क जाम कर दी। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
छात्रसंघ चुनाव को लेकर दायर जनहित याचिका हाईकोर्ट की ओर से निरस्त करने की खबर मिलते ही एसएसजे परिसर के छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परिसर में एकत्र हो गए और तालाबंदी कर दी। इसके बाद आक्रोशित छात्र परिसर से जुलूस के रूप में मालरोड स्थित चौघानपाटा पहुंच गए। यहां छात्रों ने धरने में बैठे सड़क जाम कर दी। छात्रों ने कहा कि सरकार छात्र राजनीति का दमन करने में तुली है। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव सिर्फ एक औपचारिकता नहीं है, यह हमारे लोकतांत्रिक अधिकारों की आधारशिला है। आज ये अधिकार छात्र-छात्राओं से छीनने की कोशिश की जा रही है। छात्रों ने चुनाव की तिथि जारी नहीं होने तक डटे रहने का आह्वान किया। छात्रों की जुलूस की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गई थी। इस दौरान सड़क जाम करके बैठे छात्रों को पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र नहीं माने और कई बार पुलिस ने छात्रों की तीखी झड़प भी हुई। हालांकि बाद में आक्रोश छात्र एसएसजे परिसर पहुंचे। जहां सरकार और विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर धरने में बैठ गए।
पवन मेहरा, संजू सिंह, अमित बिष्ट, पंकज कनवाल, आशीष जोशी, संजय बिष्ट, गौरव सतवाल, पंकज कनवाल, गिरीश पांडे, निखिल मेहरा, संजय पांडे, रितेश आर्या, भूमिका गैलाकोटी, ज्योति आर्या, प्रदीप भट्ट, पंकज पांडे, विशाल सिंह बिष्ट, अभिनव बुधोरी राहुल जोशी अभिषेक, सुरेंद्र धामी, अंकुश भोज निशांत पांडे श्वेता शर्मा समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
सरकार की छात्र राजनीति को खत्म करने की साजिश: भोज
अल्मोड़ा। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष और वर्तमान कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर छात्र राजनीति खत्म करने की साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार चुनावों से डर रही है। प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी का चुनावों के प्रति डर झलक रहा है, तभी प्रदेश में निकाय, पंचायत, छात्रसंघ से लेकर सभी चुनावों को टाला जा रहा है। कहा कि छात्र राजनीति को खत्म करने की साजिश मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री कर रहे हैं, जो खुद एक समय इसी से निकले हैं, ये प्रदेश का दुर्भाग्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी छात्र छात्राओं को मुखर होकर सरकार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। कांग्रेस पार्टी छात्र-छात्राओं के साथ मजबूती से किसी भी संघर्ष में खड़ी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *