February 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हल्द्वानी में एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा स्वंय मैदान में उतरे,पूरे बाजार में पैदल मार्च निकाल सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया

हल्द्वानी (उद संवाददाता)। आगामी त्यौहारों के मद्देनजर शहर में आपराधिक घटनाओं में लगाम कसने के लिए एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा स्वंय मैदान में उतरे और उन्होंने बाजार क्षेत्रा में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सेनेटाइज अभियान चलाकर संदिग्ध घूमते, बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की कार्यवाही करवाई और अनावश्यक घूमने वालों को खूब फटकार भी लगाई। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि भयमुक्त वातावरण में दीपावली पर्व मनाएं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने ऑपरेशन सैनेटाइज के अन्तर्गत पुलिस टीम के साथ मिलकर आगामी दीपावली के अवसर पर हल्द्वानी शहर के भीड-भाड़ वाले स्थानों एवं पूरे बाजार में पैदल मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया और स्थानीय निवासियों को सुरक्षा का एहसास कराया। एसएसपी ने पुलिस टीम के साथ दुकानों में कार्यरत लोगों से सत्यापन के सम्बन्ध में पूछताछ की ताकि कोई भी अवैध गतिविधि न हो सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना उचित सत्यापन के किसी भी दुकान में कार्यरत लोगों के खिलाफ कार्यवाही भी की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने अनावश्यक रूप से बाजारों में घूमने वाले लोगों को फटकार लगाई और उन्हें समझाया कि सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन और सुरक्षा का ध्यान रखना आवश्यक है। चौकिंग अभियान के अंतर्गत, कालू सिद्व मन्दिर के सामने बाजार, नल बाजार, मंगल पड़ाव सब्जी मंड़ी, होलिका ग्राउंड के सामने, कारखाना बाजार, बर्तन बाजार, जामामस्जिद, ताज चौराहा, मेन बाजार, पटेल चौक, सदर बाजार, और होटल सरस वाली गली सहित विभिन्न स्थानों पर चौकिंग की गई। निरीक्षण टीम में एसपी सिटी प्रकाश चन्द्र, पुलिस उपाधीक्षक हल्द्वानी नितिन लोहनी, प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, थानाध्यक्ष वनभूलपुरा नीरज भाकुनी, चौकी प्रभारी मंगल पड़ाव दिनेश जोशी, उनि प्रवीण कुमार, उनि विजय कुमार, और उनि देवेन्द्र राणा सहित कुल 05 टीमें बनाई गई थीं। जिसमें 2 प्लाटून महिला/पुरुष पीएसी के साथ थाना और चौकी पुलिस बल मौजूद रहा। 9 पाइंटों पर नाकाबन्दी कर पिकेट तैनात की गई जिससे चौकिंग के दौरान कोई भी संदिग्ध बाजार से बाहर न जा सके। कई संदिग्धों की जांच की गई, और बिना सत्यापन के दुकानों, फड़ फेरी में काम करने वालों के सत्यापन की कार्यवाही की गई। नाम-पता सही न बता पाने वाले, और अनावश्यक रूप से बाजार में घूमने वालों को चौकी मंगल पड़ाव ले जाकर सत्यापन एवं आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। चौकी में लगभग 110 लोगों को लाया गया। जिसमें से 63 लोगों के विरूद्व सत्यापन एवं संदिग्ध पाये जाने पर 81 पुलिस एक्ट में चालानी कार्यवाही करते हुए जुर्माना जमा करवाया गया। एसएसपी ने सभी नागरिकों से त्यौहारी सीजन में जेबकतरों, टप्पेबाजों, चौनस्नैचरों से सावधान रहने और अपने छोटे बच्चों का विशेष ख्याल रखने की अपील की। उन्होंने कहा अराजकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी से अपील की कि वे त्योहारों के दौरान अनुशासन का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा, दीपावली का त्योहार हम सबके लिए खुशियों का संदेश लाता है, लेकिन इसके साथ ही सुरक्षा की जिम्मेदारी भी हम सभी की है। हम सभी को मिलकर एक सुरक्षित और आनंदमय दीपावली मनानी चाहिए। आपकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *