February 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने प्रदेश प्रभारी को भेजी रिपोर्ट,केदारनाथ उपचुनाव में 13 लोगों ने की दावेदारी

कांग्रेस की 24 अक्तूबर को दिल्ली में होगी बैठक 
देहरादून(उद संवाददाता)। केदारनाथ उपचुनाव में उम्मीदवारों को लेकर पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट पर कांग्रेस में रार छिड़ गई है। पूर्व प्रदेश अधयक्ष गणेश गोदियाल की अगुवाई में चार सदस्यीय पर्यवेक्षकों ने प्रदेश कांग्रेस अधयक्ष को बाईपास कर रिपोर्ट सीधे प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा को सौंपी है। यह पहली बार है, जब पर्यवेक्षकों ने रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को नहीं दी है।
केदारनाथ उपचुनाव की रणनीति और प्रत्याशी को लेकर कांग्रेस की 24 अक्तूबर को दिल्ली में बैठक होगी। मंगलवार को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने वर्चुअल बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं से चुनावी तैयारियों पर चर्चा कर सुझाव भी लिए।
उपचुनाव में कांग्रेस एकजुट होने का दावा कर रही, लेकिन वरिष्ठ नेताओं के बीच मनमुटाव से दावों की पोल खुल रही है। कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने विधायक भुवन कापड़ी व वीरेंद्र जाती को पर्यवेक्षक नियुक्ति किया। अगले दिन प्रदेश प्रभारी ने पर्यवेक्षकों में पूर्व प्रदेश अधयक्ष गणेश गोदियाल व बदरीनाथ से विधायक लखपत बुटोला को शामिल किया। 19 अक्तूबर को चारों ने केदारनाथ विस क्षेत्र का दौरा कर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया। पार्टी की परंपरा रही है कि पर्यवेक्षक अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपते हैं। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस ही प्रत्याशियों का पैनल हाईकमान को भेजती है, लेकिन इस बार पर्यवेक्षकों ने सीधे रिपोर्ट प्रदेश प्रभारी को भेजी है। केदारनाथ विस उपचुनाव के लिए 13 कांग्रेसियों ने टिकट के लिए दावेदारी पेश की है। जिसमें पूर्व विधयक मनोज रावत, जिलाधयक्ष कुंवर सजवाण, आलोक बगबाड़ी, लक्ष्मण रावत, वीर सिंह बुडेरा, विनोद राणा, कुलदीप कंडारी, शशि सेमवाल, गणेश तिवारी, शिशुपाल सिंह बिष्ट, अवतार सिंह नेगी, ऋतु पुष्पवाण, अभिषेक भंडारी के नाम शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *