कैंचीधाम मेले में श्रद्धालुओं के लिए चाक चौबंद होंगी व्यवस्थाएं : 254 बसें और 250 टैक्सियां लगाई गई
श्रद्धालुओं के लिए हल्द्वानी, काठगोदाम, नैनीताल, भीमताल, भवाली व खैरना से शटल सेवा उपलब्ध रहेगी
नैनीताल। आगामी 15 जून को बाबा नीम करौरी महाराज के स्थापना दिवस के अवसर पर कैंचीधाम में आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मंदिर परिसर स्थित सभागार में मंदिर समिति, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने मेले को व्यवस्थित, शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए यातायात प्रबंधन, पार्किंग, शटल सेवा, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और दर्शन सुगमता से हों, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं चाक- चौबंद रखी जाएं। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मधुर व्यवहार सुनिश्चित करने का आ“वान करते हुए कहा कि आने वाले भक्तों को एक सुखद अनुभव मिलना चाहिए। शिप्रा नदी की स्वच्छता के लिए वन विभाग को विशेष निगरानी रखने और नदी क्षेत्र को अलग-अलग जोन में बांटने के निर्देश दिए गए। साथ ही नगर पालिका भीमताल, भवाली और जिला पंचायत को यात्रा मार्ग पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और निरंतर कूड़ा उठान के आदेश दिए गए। यातायात व्यवस्था के तहत, शटल सेवा संचालन स्थलों पर पेयजल, प्रकाश, शौचालय और टेंट जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। प्रत्येक स्थल पर राजस्व, पुलिस और परिवहन विभाग का एक-एक प्रतिनिधि तैनात रहेगा। परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए कि बसों और टैक्सियों के किराए की सूची फ्रलेक्सी बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित की जाए। मेले के दौरान मार्ग पर कोई भी ठेला, फूड वैन या भंडारा संचालित नहीं किया जाएगा ताकि यातायात बाधित न हो। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बैठक में ट्रैफिक प्लान के बारे में अवगत कराते हुए कहा कि यात्रा मार्ग से सभी प्रकार के अतिक्रमण हटाए जाएंगे ताकि आवागमन में कोई अवरोध न रहे। स्वास्थ्य सुविधाओं के दृष्टिगत क्षेत्र में तीन एम्बुलेंस और मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हल्द्वानी, काठगोदाम, नैनीताल, भीमताल, भवाली व खैरना से शटल सेवा उपलब्ध रहेगी, जिसके लिए 254 बसें और 250 टैक्सियां लगाई गई हैं। हल्द्वानी से किराया 150 रुपए, भीमताल व नैनीताल से 100 रुपए तथा भवाली व खैरना से 50 रुपये प्रति व्यक्ति एक तरफ का निर्धारित किया गया है। बैठक में ब्लॉक प्रमुख अंकित शाह, मंदिर समिति के ट्रस्टी मंजुल कुमार जोशी, प्रदीप शाह, आलोक चौपड़ा, शैलेंद्र शाह, पवन रधुवंशी, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, उप जिलाधिकारी धारी अनुराग आर्य, उप जिलाधिकारी कैंचीधाम दिव्यांशु, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, परिवहन निगम की महाप्रबंधक पूजा जोशी, संभागीय परिवहन अधिकारी गुरुदेव सिंह और अरविंद पाण्डे सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कैंची मेले की तैयारियों का आईजी कुमाऊं ने लिया जायजा
आगामी कैंची मेला के दृष्टिगत आईजी कुमाऊं श्रीमती निवेदिता कुकरेती महोदया ने कैंची धाम पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा मंदिर समिति के पदाधिकारियों से संवाद कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कुमाऊं पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

