हथियार तस्करों के साथ मुठभेड़, एक को लगी गोली
दूसरा साथी भी गिरफ्तार,आठ तमंचे किये बरामद
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। दिनेशपुर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और बाइक सवार दो संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश से अवैध हथियारों की खेप लेकर उत्तराखंड में प्रवेश कर रहे दोनों युवकों ने रोकने का प्रयास करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी मनोज कुमार के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल मनोज और उसके साथी अनमोल यादव को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से आठ अवैध तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्रधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में एसओजी रुद्रपुर तथा दिनेशपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी।पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर की तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश से अवैध असलहों की खेप लेकर दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से महतोष मकरंदपुर मार्ग होते हुए दिनेशपुर की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने मार्ग पर घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। रात करीब दो बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद वे मोटरसाइकिल गिराकर गन्ने के खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मनोज कुमार के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। घायल मनोज को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रामपुर के रास्ते असलहे लेकर आए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने ग्राम बिसौली, जिला बदायूं निवासी महावीर नामक व्यक्ति से तमंचे लेने की बात कही है। उनकी योजना प्रत्येक तमंचे को पांच हजार रुपये में खरीदकर आठ हजार रुपये में बेचने की थी। पूछताछ में रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी बंटी कोली का नाम भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी उसके संपर्क में थे। बंटी कोली पूर्व में एक पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था और वर्तमान में जेल में बंद है। पुलिस अब हथियारों की आपूर्ति करने वालों, संभावित खरीदारों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से -315 बोर के सात देशी तमंचे, -32 बोर का एक देशी तमंचा, -315 बोर के आठ जिंदा कारतूस और इसी बोर के चार खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है।पुलिस ने बताया कि मनोज कुमार पहले भी जेल जा चुका है। उसके खिलाफ ट्रांजिट कैंप कोतवाली में मुकदमा संख्या 91/2026 आयुध अधिनियम की धाराओं 25, 26, 27 और 35 तथा भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109 और 111 के तहत दर्ज होने की जानकारी दी गई है। वहीं, अनमोल यादव के संबंध में पुलिस रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, दूसरे आरोपी शक्ति के वर्ष 2023 में हत्या के मामले में जेल जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, गिरफ्तारी से संबंधित विवरण में दूसरे आरोपी का नाम अनमोल यादव दर्ज है। दोनों आरोपियों के खिलाफ दिनेशपुर थाने में मुकदमा संख्या 166/2026 भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी रविन्द्र सिंह बिष्ट, दिनेशपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार, जयनगर चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह, अपर उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल गोविन्द आर्या और एसओजी के कांस्टेबल राजेन्द्र कश्यप शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है


