Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सबसे अधिक कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने मोदी : उत्तराखण्ड में 12 से 14 जून तक प्रदेशभर में होंगे जनकल्याण कार्यक्रम

देहरादून । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश के सबसे अधिक कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर उत्तराखण्ड में 12 से 14 जून तक विभिन्न जनसंपर्क, जनजागरूकता एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को पत्र प्रेषित कर उनके सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने और सर्वाधिक अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने पर देवभूमि उत्तराखण्ड की जनता की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां अर्जित की हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को इन कार्यक्रमों का प्रभावी, व्यापक और जनसहभागिता आधारित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनहित में संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि 12 से 14 जून तक उपलब्धि प्रदर्शनी आयोजित कर केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुखउपलब्धियों, विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा महत्वपूर्ण निर्णयों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाए, जिससे आमजन को सरकार की विकास यात्रा और उपलब्धियों की समग्र जानकारी मिल सके। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक विकासखंड स्तर पर जनकल्याण शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना, लखपति दीदी सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों और आम नागरिकों से संवाद स्थापित किया जाए। साथ ही योजनाओं की जानकारी देने, पात्र लोगों को लाभ दिलाने तथा जनसमस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि 12 जून को सभी जनपदों में जिला स्तरीय प्रेस वार्ताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रेस वार्ताओं के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी मीडिया के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विस्तृत प्रस्तुतीकरण तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तुतीकरण तथ्यपरक, जनोपयोगी और सरल भाषा में तैयार किया जाए तथा विभिन्न माध्यमों से आम जनता तक उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभारी मंत्री अपने अपने जनपदों और क्षेत्रों में संवाद कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने के साथ ही जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। राज्य सरकार भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में जनहित और विकास के संकल्पों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों का आयोजन पूर्ण समन्वय, व्यापक जनसहभागिता और प्रभावी प्रचार प्रसार के साथ सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा : करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, जीएसटी व्यवस्था तथा रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने भारत को नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान भारत द्वारा किए गए व्यापक टीकाकरण अभियान तथा ‘वैक्सीन मैत्री’ पहल को भी वैश्विक नेतृत्व का उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र की सुरक्षा, सैनिकों के सम्मान, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा सनातन सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक तथा श्री केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण जैसे कार्यों को राष्ट्र के सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बताया।मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड के प्रति प्रधानमंत्री के विशेष स्नेह एवं सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में श्री केदारनाथ एवं श्री बदरीनाथ धाम पुनर्विकास, चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, रोपवे परियोजनाओं, वंदे भारत एक्सप्रेस, सीमांत क्षेत्रों के विकास तथा विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं को नई गति मिली है। मुख्यमंत्री ने लखवाड़, सौंग व्यासी एवं जमरानी बहुद्देशीय बांध परियोजनाओं को गति मिलने का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके पूर्ण होने से राज्य में पेयजल एवं सिंचाई संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित होगी तथा लाखों लोगों को लाभ प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को अवश्य प्राप्त करेगा और विश्व पटल पर अग्रणी राष्ट्र के रूप में अपनी सशक्त पहचान स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *