October 17, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव : एक नवंबर को वोट चोरी के मुद्दे पर दिल्ली कूच करेगी कांग्रेस

प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने दी जानकारी : चार नवंबर को जमीनों की नीलामी, धांधली और भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी चुनावों की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की रणनीति तैयार की है। प्रदेश कांग्रेस ने न्याय यात्रा से लेकर विधानसभा घेराव और दिल्ली कूच तक के कार्यक्रम तय किए हैं। पार्टी 23 से 25 अक्टूबर तक प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकालेगी। इसके बाद 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान घेराव किया जाएगा। वहीं, एक नवंबर को वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस देशव्यापी कार्यक्रम के तहत दिल्ली कूच करेगी। इसके अलावा चार नवंबर को प्रदेश के उन जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जहां धामी सरकार के कार्यकाल में जमीनों की नीलामी, धांधली और भ्रष्टाचार से जुड़े मामले सामने आए हैं। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने हरिद्वार बाईपास रोड स्थित एक होटल में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ पत्रकार वार्ता कर आंदोलन की रूपरेखा की जानकारी दी। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चकराता विधायक प्रीतम सिंह समेत पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे। पत्रकार वार्ता में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और प्रदेश सरकार के खिलाफ उठाए जाने वाले मुद्दों पर जानकारी दी गई।

27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव

न्याय यात्रा के बाद कांग्रेस 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव करेगी। यह कार्यक्रम विधानसभा सत्र के दौरान आयोजित करने की योजना है। पार्टी इस मौके पर प्रदेश सरकार के खिलाफ अपने मुद्दे उठाएगी और विरोध दर्ज कराएगी। गैरसैंण उत्तराखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। ऐसे में विधानसभा सत्र के दौरान प्रस्तावित घेराव के जरिए कांग्रेस सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखने और राजनीतिक विरोध को सार्वजनिक रूप से दर्ज कराने की तैयारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *