November 8, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

जेल से बाहर आते ही उर्मिला सनावर का नया एलान : उर्मिला और सुरेश राठौर के नार्को टेस्ट पर अब भी सवाल, जांच की प्रक्रिया अधूरी

हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन के बाद जारी किया वीडियो, जरूरतमंद महिलाओं को कानूनी मदद दिलाने का किया ऐलान

हरिद्वार। जेल से बाहर आने के बाद उर्मिला सनावर ने अपनी मुहिम को लेकर नया एलान किया है। हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन के बाद वीडियो जारी कर उन्होंने कहा कि अब उनकी लड़ाई सिर्फ अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जेल में बंद उन महिलाओं के अधिकारों के लिए भी आवाज उठाएंगी, जिन्हें परिवार का साथ और कानूनी मदद नहीं मिल पा रही है।

उर्मिला सनावर ने वीडियो में कहा कि जेल में कई ऐसी महिलाएं बंद हैं, जिनके पास न तो परिवार का सहारा है और न ही उनकी मदद के लिए कोई आगे आता है। ऐसी महिलाओं को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए वह प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद महिलाओं को वकीलों की मदद दिलाना और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ना भी अब उनकी मुहिम का हिस्सा होगा।

उन्होंने कहा कि जेल में बंद महिलाओं की समस्याओं को सामने लाने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगी। उर्मिला के मुताबिक, कई महिलाएं विपरीत परिस्थितियों के कारण अकेली पड़ जाती हैं और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने में असमर्थ रहती हैं।

उर्मिला सनावर ने स्पष्ट किया कि उनकी मुहिम रुकने वाली नहीं है। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग के साथ अब वह उन महिलाओं की आवाज भी बनेंगी, जिन्हें मदद और कानूनी सहयोग की जरूरत है।

उर्मिला और सुरेश राठौर के नार्को टेस्ट पर अब भी सवाल, जांच की प्रक्रिया अधूरी

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर कई ऑडियो वायरल करने के बाद चर्चा में आईं उर्मिला सनावर ने मामले में कथित वीआईपी की भूमिका की जांच सीबीआई से कराने की मांग उठाई थी। वहीं, अंकिता के माता-पिता की मांग के बाद पिछले माह सीबीआई ने जांच तेज करते हुए उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के नार्को टेस्ट की प्रक्रिया शुरू की थी। हालांकि, उर्मिला की गिरफ्तारी के बाद उनका नार्को टेस्ट नहीं हो पाया। दूसरी ओर, सुरेश राठौर का भी नार्को टेस्ट नहीं होने से जांच की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की पहचान और भूमिका को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। इसी बीच उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर कई ऑडियो क्लिप जारी कर मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया था। उन्होंने इन ऑडियो के आधार पर कथित वीआईपी की भूमिका की जांच कराने की मांग की थी।

अंकिता के माता-पिता की ओर से भी मामले की गहराई से जांच और कथित वीआईपी के संबंध में सच्चाई सामने लाने की मांग की गई थी। इसके बाद सीबीआई की ओर से उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के नार्को टेस्ट की प्रक्रिया आगे बढ़ाए जाने की बात सामने आई।

हालांकि, उर्मिला की गिरफ्तारी के चलते उनका नार्को टेस्ट नहीं हो सका। वहीं, सुरेश राठौर का भी टेस्ट नहीं होने से मामले में कई सवाल बने हुए हैं। अब देखना होगा कि सीबीआई इस दिशा में आगे क्या कदम उठाती है और कथित वीआईपी से जुड़े दावों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *