September 2, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

विश्वकर्मा मार्केट में अतिक्रमण पर गरजी जेसीबी

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। अन्तर्राज्यीय रोड़वेज स्टेशन बनने की राह में रोड़ा बनी विश्वकर्मा मार्केट की अवैध दुकानों पर आज बरसात के बीच जेसीबी चला ही गई। पिछले तीन वर्षों के दौरान कमिश्नर व जिलाधिकारी द्वारा अनेक बार अवैध दुकानें को हटाने के कई बार निर्देश दिये गये थे परंतु दुकानदारों के आग्रह के बाद जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप पर अतिक्रमण नहीं हटाया जा सका था। प्रशासन द्वारा यहां के दुकानदारों को कई बार स्वयं अतिक्रमण हटाने के नोटिस भी दिये गये थे। पंरतु इसका भी दुकानदारों पर कोई असर पड़ता दिखाई नहीं दे रहा था। आखिरकार आज प्रशासनिक व निगम अधिकारियों के साथ भारी संख्या पुलिस बल जेसीबी और दमकल वाहन के साथ किच्छा बाईपास मार्ग पर रोडवेज डिपो के आगे विश्वकर्मा मार्केट पहुंचा और सभी दुकानदारों को आधा घंटे में अपना सारा सामान समेटकर दुकानें खाली करने को कहा। टीम के अचानक पहुंचने पर मार्केट के दुकानदारों में खलबली मच गई और वह अपना सामान आनन फानन में समेटने में जुट गये। वहीं दुकानदारों में काफी रोष भी दिखाई दे रहा था। उनका कहना था कि मेयर द्वारा यह भरोसा दिया गया था कि दुकानदारों के पुर्नवास की व्यवस्था के बाद ही अतिक्रमण हटाया जायेंगा परंतु बिना दुकानें दिये आज अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। इधर टीम द्वारा जेसीबी की मदद से एक एक कर सभी दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। भारी पुलिसबल के सामने दुकानदारों का विरोध भी दब कर रह गया। उनका आरोप था कि प्रशासन अतिक्रमण हटाने में दोहरा रवैया अपना रहा है। पूंजीपतियों के अतिक्रमण को छुआ भी नहीं जा रहा वहीं गरीब व मध्यम वर्ग के दुकानदारों की दुकानों पर जेसीबी चला दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *