Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश

देहरादून । मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में राज्य स्तरीय नेशनल कोआर्डिनेशन सेंटर फॉर ड्रग लॉ एनफोर्समेंट यानी एनकॉर्ड की बारहवीं बैठक संपन्न हुयी जिसमें जनपद स्तरीय एनकॉर्ड बैठकों का निर्धारित समय सीमा पर नियमित रूप से आयोजन किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने मादक पदार्थों से सम्बन्धित सभी मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि व्यावसायिक मात्रा में पकड़े गए मादक पदार्थों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए लगातार फॉलोअप किया जाए ताकि दोषियों पर यथोचित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने पुलिस विभाग को मादक पदार्थों की सप्लाई चौन तोड़े जाने के लिए महत्त्वपूर्ण कदम उठाये जाने की बात कही और नशीले पदार्थों की तस्करी तथा अवैध व्यापार को रोके जाने को लेकर जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों से संवाद कर जनपदों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। ड्रग डिटेक्शन किट्स के लिए पैरामीटर्स बनाए जाने पर जोर देते हुए मुख्य सचिव ने प्रदेश में डी एडिक्शन सेंटर्स की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत ऐसे डी एडिक्शन सेंटर्स जो किसी कारण से ऑपरेशनल नहीं हैं, उनकी समस्याओं का निस्तारण करते हुए उन्हें सक्रिय किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला अस्पतालों में डी एडिक्शन सेंटर्स के लिए बेड डेडिकेट किए जाएं तथा सभी मेडिकल कॉलेज और उप जिला अस्पतालों में भी डेडिकेटेड बेड्स की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य विभाग को प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी डी एडिक्शन सेंटर खोले जाने के निर्देश देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि जहाँ भी इन्हें विकसित करने की आवश्यकता है, वहां कार्य किया जाए और फंडिंग की कोई समस्या नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारियों को प्राइवेट डी एडिक्शन सेंटर्स का निरीक्षण कर मानकों को पूरा करने वाले सेंटर्स का रजिस्ट्रेशन और सर्टिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराए जाने के निर्देश दिए। आमजन विशेषकर स्कूली बच्चों में ड्रग्स के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर बल देते हुए मुख्य सचिव ने शिक्षण संस्थानों में एंटी ड्रग क्लब बनाने और शिक्षण संस्थानों के सौ मीटर के दायरे में गुटखा और तम्बाकू आदि की बिक्री पर रोक को प्रभावी रूप से लागू किए जाने की बात कही। उन्होंने प्रदेश में मादक पदार्थों के उपयोग पर एक सर्वे कराए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया ताकि मादक पदार्थों के जाल को जड़ से उखाड़ा जा सके। बैठक में डीजी इंटेलीजेंस अभिनव कुमार, सचिव शैलेष बगौली, आईजी डॉ. नीलेश आनन्द भारणे, अपर सचिव गृह तृप्ति भट्टð, एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह सहित जनपदों से जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारी जुडे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *