सुरक्षित और सुव्यवस्थित चल रही कांवड़ यात्रा : अब तक दो करोड़ 19 लाख 70 हजार शिवभक्त लौटे
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार की व्यवस्थाओं के चलते उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा श्रद्धा, सुरक्षा और सुगमता के साथ सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। प्रभावी यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और कानून व्यवस्था के व्यापक इंतजामों के चलते अब तक दो करोड़ 19 लाख 70 हजार से अधिक शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने गंतव्य की ओर लौट चुके हैं। छह अगस्त को शाम छह बजे तक एक ही दिन में 39 लाख 15 हजार कांवड़ यात्रियों ने गंगाजल लेकर वापसी की। राज्य सरकार की ओर से प्रदेशभर में कांवड़ यात्रियों के लिए निर्बाध यातायात, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। इन व्यवस्थाओं के कारण लाखों श्रद्धालु शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुगमता के साथ अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं तथा सरकार के प्रबंधों की सराहना भी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और सेवा का महापर्व है। उन्होंने सभी कांवड़ यात्रियों, शिवभक्तों, स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से यात्रा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग बनाए रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग, समन्वय और अनुशासन से कांवड़ यात्रा 2026 का सफल एवं सुरक्षित संचालन सुनिश्चित होगा तथा उत्तराखंड उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और अतिथि सत्कार की अपनी परंपरा को एक बार फिर सशक्त रूप से स्थापित करेगा।
